रायपुर में सौतेले पिता ने 8 साल की बेटी के साथ किया दुष्कर्म, मां को मार डालने की धमकी देकर मासूम को डराता था
तस्वीर आरोपी पिता की है। पुलिस ने क्षेत्र में इसे काफी ढूंढा, मगर यह ज्यादा देर तक छुप ना सका और गिरफ्तार कर लिया गया।
रायपुर के खमतराई इलाके की घटना, पुलिस ने किया आरोपी पिता को गिरफ्तार
मां ने बच्ची के साथ आरोपी को अश्लील हरकत करते पकड़ा तो मामला पहुंचा थाने
रायपुर. रायपुर शहर के खमतराई पुलिस ने 8 साल की बच्ची से रेप के आरोप में उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। आरोप है कि सौतेला पिता मासूम को डराता था कि अगर उसने किसी से कुछ कहा तो वो उसकी मां की हत्या कर देगा।
खमतराई थाने से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम शंभू बीर है। वह रावांभाटा इलाके की एक फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता था। बच्ची की मां से कुछ साल पहले उसकी मुलाकात हुई। वह अकेली रहती थी। ऐसे में आरोपी ने बच्ची को सहारा देने के नाम पर महिला से शादी कर ली। नशे की लत की वजह से आए दिन आरोपी और महिला के बीच विवाद होता था। यह देख 8 साल की बच्ची डर जाती थी, क्योंकि आरोपी उसे और उसकी मां को मारता-पीटता था।
रविवार को महिला ने देखा तो हुआ खुलासा
शिकायत के मुताबिक, पूर्व में भी दो तीन बार आरोपी बच्ची का शारीरिक शोषण कर चुका था। कभी पिटाई धमकी तो कभी 5 रुपए देकर वो बच्ची को मुंह बंद रखने को कह देता था। बीते रविवार की रात आरोपी जब वारदात को अंजाम दे रहा था तब उसकी मां ने देख लिया। बच्ची की मां ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी घर से भाग गया।
इसके बाद बच्ची ने रोते हुए अपनी मां से सौतेले पिता की करतूतों के बारे में बताया। फिर महिला बेटी को लेकर पुलिस के पास पहुंची और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
साभार: दैनिक भास्कर