एक किशोरी को लेने गई पुलिस दो को लेकर लौटी

शादी का झांसा देकर घर से भगा ले गया था आरोपी, ओडिशा में दुष्कर्म भी किया, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर. एक नाबालिग किशोरी को बरामद करने के लिए गई पुलिस की टीम ने एक और किशोरी को बरामद करते हुए अपने साथ वापस लेकर आई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। बरामद की गई किशोरियों में से एक दुलदुला और दूसरी कुनकुरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार 28 दिसंबर 2020 को 14 वर्षीय एक नाबालिग लड़की दुलदुला थाना क्षेत्र से गायब हो गई थी। वहीं दूसरी नाबालिग कुनकुरी थाना क्षेत्र से गायब हुई थी। दोनों नाबालिग के परिजनों ने गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दुलदुला पुलिस मामला दर्ज कर नाबालिग की तलाश में जुटी थी। किशोरी के पतासाजी के दौरान पुलिस को पता चला की ओडिशा के सुंदरगढ़ जिला अंतर्गत ग्राम पतरापाली में नाबालिग को देखा गया है। सूचना पर पुलिस तत्काल लोकेशन पर दबिश दी,लेकिन पुलिस ने जिस घर में दबिश दी थी वहां ताला लगा था। आसपास के लोगों से पूछताछ की तो उन्हें पता चला कि युवक अपने मामा के घर ग्राम डोमगुढा गया हुआ है। पुलिस की टीम डोमगुढा में जाकर दबिश दी तो आरोपी युवक के साथ गुम हुई किशोरी भी बरामद हो गई। किशोरी को बरामद करने के बाद पुलिस ने जब उससे पूछताछ किया तो उसने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा कर ले आया है और उसके साथ दुष्कर्म भी किया। पुलिस ने आरोपी के पास से जब किशोरी को बरामद किया तो उसी घर में एक और नाबालिग किशोरी मिली। जिससे पूछताछ करने पर उसने पुलिस को बताया कि वह कुनकुरी थाना क्षेत्र की रहने वाली है और आरोपी का छोटा भाई उसे बहला फुसला कर शादी करने की बात कहते हुए उसे अपने साथ भगा कर ले आया है। दोनों आरोपियों ने किशोरियों के मांग में सिंदूर भरकर अपने साथ घर में रखे थे। पुलिस ने दोनों किशोरियों को बरामद करते हुए आरोपी पदुम भाट को गिरफ्तार करते हुए उसके नाबालिग भाई को अपने अभिरक्षा में लिया है। दुलदुला पुलिस ने कुनकुरी से गुम हुई किशोरी को बरामद करने के बाद उसे कुनकुरी पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। मामले को सुलझाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने में एसएसपी बालाजी राव, एडिशनल एसपी उनेजा खातून के मार्ग दर्शन में थाना प्रभारी एलआर चौहान, एसआई श्रीगार, आरक्षक अल्कसियुस तिग्गा, बलवीर भगत, महिला आरक्षक सुशीला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साभार: दैनिक भास्कर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button