खाना मांगने पर दी थी गाली इसलिए कर दी भाई की हत्या
शादी तय होने के बाद युवक परिजन से ही बनवा रहा था घर का टॉयलेट
जांजगीर/ नवागढ़. खिसोरा में एक युवक मनोज कुर्रे की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा ली है। उसकी हत्या उसकी ही छोटी बहन रामेश्वरी कुर्रे (20 वर्ष) ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। टीआई विवेक पांडेय ने बताया कि खिसोरा निवासी युवक मनोज कुर्रे की दो बहन पार्वती (27 वर्ष) और रामेश्वरी कुर्रे (20 वर्ष) तथा उसके पिता मालिक राम कुर्रे के साथ रहता था। उसकी शादी मुड़पार में पिछले साल नवंबर में तय हुई थी। इसके पिता के नाम पर 12 एकड़ जमीन है। फसल का पूरा पैसा मनोज के पास ही रहता था। उसकी बहन पार्वती और उसके पिता मालिक राम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। शादी तय होने के बाद से युवक इन तीनों की तरफ ध्यान नहीं दे रहा था। उसका रहना खाना सब मुड़पार में ही होता था। व्यवस्था करने के लिए उसकी छोटी बहन रामेश्वरी कहती थी, लेकिन युवक खाने पीने के सामान की भी व्यवस्था नहीं करता था। इससे घर में उन तीनों को खाने पीने तक के लिए समस्या होती थी। इससे रामेश्वरी परेशान थी। युवक द्वारा शादी से पहले घर में टॉयलेट बाथरूम भी बनवाया जा रहा था, जिसमें भी इन्हीं लोगों से काम लिया जा रहा था। पर उनके लिए सामान की व्यवस्था नहीं की जा रही थी। घटना दिनांक को युवक रात में अपने ससुराल से लौटा तो फिर रामेश्वरी से घर में सामान की व्यवस्था करने के लिए कहा। मनोज ने फिर उसके साथ गाली गलौज कर दी। रोज की परेशानी से तंग आकर रामेश्वरी ने मनोज के सोने के बाद उसकी हत्या कर दी। इसके अलावा उसने बिजली के तार से उसके चेहरे और आंख को भी जला दिया। टीआई ने बताया कि पड़ताल करने के बाद भी जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो रामेश्वरी से करीब चार घंटे पूछताछ की गई। तब उसने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
साभार: दैनिक भास्कर