2 लाख 29 हजार 247 एकड़ में लगेगी रबी की फसल
बांयी तट नहर से 600 क्यूसेक व दांयी तट नहर से 1000 क्यूसेक पानी शुक्रवार को छोड़ा गया
जांजगीर. इस बार रबी में भी जिले के सभी ब्लॉकों के किसान धान की फसल ले सकेंगे। पिछले साल से इस साल रकबा भी बढ़ा दिया गया है। पिछले साल 1 लाख 25 हजार एकड़ में फसल के लिए पानी दिया गया था, इस वर्ष इस रकबा को बढ़ा दिया गया है। इस साल 2 लाख 29 हजार 247 एकड़ में आबपासी के लिए पानी मिलेगा। किसान अपनी मर्जी के अनुसार धान की फसल भी लगा सकते हैं। शुक्रवार को 600 क्यूसेक पानी बांई तट नहर से व 1000 क्यूसेक पानी दांयी तट नहर से छोड़ दिया गया है। जिले की नहरों में शनिवार 2 जनवरी से पानी पहुंच जाएगा।
किस एरिया में कितने हेक्टेयर में लगेगी फसल – हसदेव नहर जल प्रबंध संभाग के कार्यपालन अभियंता संजय दीक्षित ने बताया कि जांजगीर शाखा नहर प्रणाली मुड़पार वितरक नहर से 7800 हेक्टेयर, जांजगीर शाखा नहर प्रणाली नवागढ़ वितरक नहर से 6034 हेक्टेयर, चांपा शाखा नहर प्रणाली से 4045 हेक्टेयर, हसदेव बांयी तट नहर प्रणाली से 1000 हेक्टेयर और अकलतरा शाखा नहर प्रणाली से 2820 हेक्टेयर रकबे में ग्रीष्मकालीन फसल सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा। इस वर्ष मिनीमाता बांगो बांध के कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश हुई है। जांजगीर-चांपा जिले में भी बारिश हुई जो औसत बारिश का 97 प्रतिशत है। बांगो बांध की उपयाेगी जल भराव क्षमता 2894.331 मिलियन घनमीटर है। कैचमेंट एरिया में भी अच्छी बारिश हुई है इसके अलावा जिले में भी बारिश बेहतर है, इस वजह से इस वर्ष पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी जमीन में धान की खेती की आबपासी के लिए पानी दिया जाएगा।
साभार: दैनिक भास्कर