रायगढ़। सक्ती में पिछले हफ्ते इनकम टैक्स के छापे के बाद एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बाद पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। आरोप लगाया गया है कि आईटी के रेड से बचने कुछ व्यवसायियों ने काला धन को नौकरानी के घर में छिपा दिया था। दुकानदार ने एसपी से शिकायत कर मामले की जांच की मांग की है, जिसके बाद एसपी एमआर आहिरे ने जांच की बात कही है। शिकायतकर्ता ने सक्ती एसडीओपी पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने की भी शिकायत की है। एसपी से की गई शिकायत में हरेठी गांव की रुई दुकान के संचालक पुष्पेंद्र कुमार देवांगन ने बताया है कि सक्ती के व्यवसायी अरुण अग्रवाल, अनिल अग्रवाल और श्यामसुंदर अग्रवाल के घर में आईटी की रेड पड़ी थी तो काला धन को छिपाने के लिए नौकरानी के रिश्तेदार सावित्री चौहान, टोबो चौहान के घर में बड़ी रकम रखी गई थी, जिसे किसी ने चोरी कर ली थी।

शिकायत में यह भी बताया गया है कि 15 नवम्बर को काला धन को ढूंढते हुए रुई दुकान में व्यवसायी आए और 8 नग सीसी टीवी कैमरे लगे होने की बात कहते हुए सीसी टीवी फुटेज उपलब्ध कराने की बात कहने लगे। उन लोगों ने अनाधिकृत रूप से बिना अनुमति के फुटेज की मांग की और नहीं देने पर साथ में पहुंचे आरक्षक भागवत श्रीवास ने सीसी टीवी फुटेज डिलीट करने की कोशिश की। साथ ही, हार्ड डिस्क को भी ले जाने की कोशिश की गई। इस बीच सक्ती एसडीओपी ने सीसी टीवी फुटेज नहीं देने पर रुई दुकान संचालक पुष्पेंद्र कुमार देवांगन को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
इस दौरान दुकान के सामने अन्य लोग भी मौजूद थे। शिकायतकर्ता पुष्पेंद्र कुमार देवांगन ने कहा है कि चोरी की जब थाने में एफआईआर नहीं हुई है तो जबरिया घर में घुसकर पुलिस और व्यवसायियों को मनमानी नहीं करनी चाहिए। फिलहाल, शिकायत के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। एसपी ने एमआर आहिरे ने जांच की बात कही है। जांच के बाद इस मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

