रायगढ़. शहर का सुप्रसिद्ध धार्मिक, सामाजिक आस्था का दरबार श्री पंचमुखी हनुमान साईं दरबार एवं सिद्ध पिपलाक्ष महादेव मंदिर कारगिल चौक में आगामी दिनांक 6 अप्रैल दिन गुरुवार को भगवान शिव जी के ग्यारहवें रूद्र अवतार, भगवान श्री राम चंद्र जी के दूत, माता भगवती देवी सीता के दुलारे श्री संकट मोचन हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम एवं श्रद्धा पूर्वक मनाया जाएगा। इस विषय में जानकारी देते हुए मंदिर संचालन समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार केशरवानी ने बताया कि गुरुवार को सुबह चैत्र पूर्णिमा के दिन मन्दिर के पट 6:30 बजे से खुलकर रात्रि 10 बजे पट बंद कर दिया जायेगा।
सुबह हनुमान जी का मंगल स्नान के बाद, नए वस्त्रों से सुसज्जित कर भक्तों के द्वारा पूजा अर्चना कर आशिर्वाद प्राप्त किया जायेगा। सुबह 8 बजे सदगुरु साईनाथ जी का मंगल आरती कर प्रसाद वितरण किया जायेगा, तत्पश्चात दोपहर में 11:30 बजे साई बाबा जी के आरती के बाद पूड़ी सब्जी एवं बूंदी प्रसाद का वितरण उपस्थित भक्तों में किया जायेगा जो कि प्रसाद रहने तक चालू रहेगा।
संध्या 4:30 बजे श्री सुंदरकाण्ड का पाठ भजन मंडली द्वारा किया जायेगा। संध्या 6:20 बजे श्री भगवान शिव शंकर जी के आरती के पश्चात संकट मोचन हनुमान जी की आरती की जावेगी।
रात्रि 8 बजे आरती के बाद पालकी यात्रा निकाली जावेगी जो शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए वापस मंदिर परिसर में लौट कर आवेगी। रात्रि में साई बाबा जी के शयन आरती के पश्चात मंदिर के पट बंद कर दिया जायेगा
श्री पंचमुखी सेवा समिति के समस्त सदस्यों ने रायगढ़ शहर सहित सभी भक्तों से विनम्र निवेदन किया कि वे सपरिवार मंदिर पहुंच कर कलयुग में साक्षात उपस्थित श्री संकट मोचन हनुमान जी का आशिर्वाद प्राप्त कर पुण्य के भागी बने।

