बिलासपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पहुंचे। इस दौरान छत्तीसगढ़ के खाद्य और संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने उनकी अगवानी की। इस अवसर पर रायपुर महापौर एजाज ढेबर, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अशोक जुनेजा, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे, एसएसपी प्रशांत अग्रवाल उपस्थित रहे। सभी ने पीएम का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी यहां से बिलासपुर के लिए रवाना हो गए। फिलहाल , पीएम मोदी बिलासपुर पहुंच चुके हैं।
जारी हो सकती है बीजेपी की दूसरी सूची
सियासी गलियारे में इस बात की भी चर्चा है कि यदि बीजेपी चुनाव समिति से बीजेपी प्रत्याशियों की दूसरी सूची फाइनल हो गई तो ऐसे में 30 सितंबर को ही मंच से पीएम मोदी इसकी घोषणा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के दौरे का चुनावी लाभ लेने के लिए 24 सीटों के प्रत्याशियों में से कुछ चुनिंदा प्रत्याशियों का एलान हो सकता है। क्योंकि यहां के नेताओं को चुनावी सभा में बुलाया गया है। हालांकि ये सब चुनाव समिति से दूसरी सूची के फाइनल होने पर ही संभव है।
बिलासपुर पहुंचा मोदी का विशेष रथ
पीएम मोदी जिस विशेष रथ का उपयोग करते हैं, वह बिलासपुर पहुंच चुका है। बताया जाता है कि पीएम हेलीपैड से ही रथ पर सवार होकर मंच तक पहुंचेंगे। इस दौरान इस दौरान पंडाल के बीचो-बीच से पीएम मोदी का रथ निकलेगा ताकि वहां कुर्सियों पर बैठे लोग पीएम मोदी को नजदीक से देख सकें।
बिलासपुर संभाग का राजनीतिक समीकरण
प्रदेश का सबसे बड़ा संभाग बिलासपुर है। 8 जिलों के संभाग में यहां छत्तीसगढ़ की सबसे ज्यादा 24 विधानसभा सीटें हैं। इनमें 14 सीट पर कांग्रेस, 7 पर बीजेपी, 2 पर बसपा और 1 पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-जे (जेसीसीजे) का कब्जा है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी कांग्रेस से पीछे रह गई थी। दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता और लोरमी विधायक धर्मजीत सिंह को बहुत पहले ही जेसीसीजे ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वर्तमान में वो बीजेपी में शामिल हो गए हैं। ऐसे में बीजेपी बिलासपुर संभाग में अपनी स्थिति बेहतर करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश के 11 लोकसभा सीट में से 4 लोकसभा सीट अकेले बिलासपुर संभाग में ही हैं। इसमें 3 पर बीजेपी और 1 पर कांग्रेस काबिज है। ऐसे में बीजेपी विधानसभा के साथ ही लोकसभा चुनाव पर भी फोकस की हुई है। बिलासपुर संभाग में बिलासपुर से बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, जांजगीर चांपा से विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सीनियर नेता अमर अग्रवाल, बीजेपी महामंत्री और पूर्व आईएएस ओपी चौधरी भी इसी संभाग से आते हैं। इस वजह से यहां पर इन नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।

