धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कार्तिकेय गोयल के दिशानिर्देश व आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त आर के मिश्रा के मार्गदर्शन में अवैध शराब का व्यवसाय करने वालों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में धरमजयगढ़ आबकारी अधिकारी संतोष नारंग के नेतृत्व में एक बार फिर बड़ी रेड कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। जिसमें 25 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। धरमजयगढ़ आबकारी अधिकारी के द्वारा हाल ही में कई गई यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इसके पहले क्षेत्र में भारी मात्रा में नॉन ड्यूटी पेड विदेशी शराब खपाने के फिराक में लगे एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस कवायद में एक और कदम बढ़ाते हुए बीते 21 सितंबर को धरमजयगढ़ आबकारी अधिकारी संतोष नारंग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर छाल थाना क्षेत्र के बोजिया नवाडीह में कपूरलाल पिता जगसाय के घर पर दबिश दी। जांच के दौरान कपूर के घर से 25 लीटर महुआ शराब बरामद किया गया। जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)क, 34(2), व 59(क) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है। अवैध महुआ शराब की बड़ी खेप बरामद करने की इस सफलता में मुख्य आरक्षक रामेश्वर राठिया, आरक्षक दिनेश्वर सिंग कंवर, मोहनलाल चौहान व मकबूल अली का सराहनीय योगदान रहा।

