स्वयं सीखें और गाँववालों को सिखाएं :मधुसूदन पटेल
रायगढ़. शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ से संम्बद्ध किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रायगढ़ के महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का संयुक्त सप्त दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन 17दिसंबर को ग्राम तेली पाली में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रीतिबाला बैस के मुख्य आतिथ्य, सरपंच श्री मधुसूदन पटेल जी की अध्यक्षता में हुआ.
अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रेरणा पुरुष स्वामी विवेकानंद एवं महात्मागांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन- अर्चन के साथ शिविर का विधिवत उद्घाटन हुआ. अतिथियों के स्वागत के पश्चात महिला इकाई की कार्यक्रम अधिकारी प्रो. दीप्ति निकुंज द्वारा संक्षिप्त प्रतिवेदन का पठन किया गया. नशा मुक्त समाज के लिए युवा थीम पर केंद्रित 17 से 23 दिसंबर तक आयोजित की शिविर में 90 छात्र छात्राएं सहभागिता कर रहे हैं. शिविर में नशा मुक्ति जागरूकता के साथ स्वच्छता, साक्षरता, शिक्षा, स्वास्थ्य,पर्यावरण, पोषण आदि विषयों पर जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा.

स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. बैस मैडम ने कहा कि महाविद्यालय की गरिमा आपके द्वारा किए गए अच्छे कार्यों से बढ़ती है. आप अपना घर छोड़कर आए हैं, अपने कार्यक्रम अधिकारियों एवं सरपंच जी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य और लक्ष्य को सार्थक करें,इससे आपके व्यक्तित्व का विकास होगा. मुझे खुशी है कि मेरे महाविद्यालय के सभी क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रहे हैं. सरपंच श्री मधुसूदन पटेल ने गांव को शिविर हेतु चयन करने के लिए प्राचार्य को धन्यवाद दिया तथा कहा कि आप जो सीख रहे हैं उसे स्वयं तक सीमित न रखें बल्कि समाज में बांटें. उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है, युवा ही राष्ट्र का भविष्य बदल सकते हैं. उन्होंने सभी प्रकार के सहयोग हेतु शिविरर्थियों को आश्वस्त किया. कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. के. सी. गुप्ता एवं प्रो. दीप्ति निकुंज ने तथा आभार ज्ञापन सहायक कार्यक्रम अधिकारी प्रो. अंकिता सिद्धार्थ ने किया.

