जुझारू एवं समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पहचान बनाने में हुई है सफल
रायगढ़– भाजपा महिला मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष सुषमा खलखो की पहचान एक योग्य एवं सबल नेत्री के रूप में है।20 वर्षों से भाजपा की रीति नीति के प्रचार में सक्रिय सुषमा को हर चुनाव में सक्रिय देखा जाता रहा है।मतदान केंद्र से लेकर प्रदेश तक के संगठन कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना,पार्टी द्वारा दिए गए हर दायित्वों को पूरा करना इनकी राजनैतिक श्रेष्ठता को दर्शाता है।वर्ष 2003 को उर्दना क्षेत्र से जनपद सदस्य निर्वाचित होने वाली सुषमा खलखो को क्षेत्र की जनता ने 2 बार अपनी सेवा का अवसर दिया,जनपद सदस्य रहते हुए सभापति महिला एवं बाल विकास का कार्य भी इनके द्वारा सफलतम रूप से निस्पादित किया गया।इनके साथ जनपद सदस्य रहे अन्य कार्यकर्ता इनके सामाजिक कार्य दक्षता को लेकर इनकी प्रसंशा करते नही थकते।जशपुर के एक गांव में जन्मी इनका बचपन जशपुर के वनांचल क्षेत्र में ही बिता,जशपुर की माटी के प्रेम ने इनका विवाह जशपुर में ही कुनकुरी में संपन्न कराया,इनके पति एरमन खलखो को पुलिस विभाग में उत्कृष्ठ सेवा के लिए महामहिम राष्ट्रपति के द्वारा वीरता पुरुष्कार दिया जा चुका है।एक महिला के लिए राजनीति में कार्य करना उतना आसान नहीं होता परंतु सुषमा के हर कदम पर उनके पति का साथ उन्हें मिलता गया और वे समाज सेवा को ध्येय मानकर राजनीति को आधार मान सेवा कार्य में निरंतर लगी हुई है।राजनीति के विषय में स्नातक करने वाली सुषमा की रुचि सदैव समाज सेवा ही रही है।राजनीति में आने के बाद से ही निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के साथ ही भाजपा संगठन में इन्हे कई दायित्वों की जवाबदारी दी जाती रही है,वर्ष 2003 से 2010 तक संबलपुरी मंडल में महिला मोर्चा की अध्यक्ष रही,वर्ष 2003 में ही समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य के लिए इन्हे मानव अधिकार आयोग द्वारा सम्मानित किया गया ,2011 से 2015 तक महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष के रूप में कार्य करती रही फिर इन्हें जिले में अच्छे कार्य करने की वजह से प्रदेश महिला मोर्चा में प्रदेश मंत्री का दायित्व दिया गया,साथ ही जशपुर जिले के प्रभारी के रूप में भी कार्य करने का अनुभव इनका रहा है।वर्तमान में महिला मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रायपुर शहर महिला मोर्चा के प्रभारी के रूप में कार्यरत है।चुनावी कार्य में पारंगत सुषमा के परिश्रम को देखते हुए पार्टी ने इन्हे वर्ष 2022 को उत्तर प्रदेश के चुनाव में राबर्ट्सगंज विधानसभा के प्रभारी के रूप में कार्य करने भेजा जहां वे पूरे 40 दिनों तक भाजपा प्रत्याशी श्री भूपेश चौबे जी के चुनाव में उन्हें विजय दिलाने के लिए कार्यरत रही,वहां विजयी होने पर भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अवंती श्रीनिवासन के द्वारा इनका सम्मान किया गया।
विधानसभा चुनाव में लैलूंगा क्षेत्र से विगत दो बार से इनका नाम प्रत्याशी के रूप में प्रचार किया जाता रहा है,टिकट ना मिलने पर भी लैलूंगा विधानसभा एवं पार्टी द्वारा तय क्षेत्रों में जाकर इनके द्वारा परिश्रम की पराकाष्ठा का परिचय दिया जाता रहा है।चुनाव के दौरान इनके प्रचार कौशल को देखते हुए कार्यकर्ता हर क्षेत्र में इनकी सहभागिता की मांग करता है। भाजपा के प्रति इनके समर्पण भाव को देखते हुए बूथ के कार्यकर्ताओं में इनकी जबरदस्त पकड़ है।
सभी धर्मों के प्रति समभाव रखने वाली सुषमा खलखो धर्म को राजनीति का आधार मानकर सेवा कार्य लगी है परंतु इनके राजनैतिक प्रतिद्वंदी इनके धर्म को लेकर हमेशा प्रश्नचिन्ह लगाने से बाज नहीं आते,जिनके घर में प्रवेश करते ही भगवान विघ्नहर्ता गणेश जी की प्रतिमा सुशोभित है,सुहाग की सलामती के लिए तीज व्रत करने वाली महिलाओं के बीच पहुंचकर भगवान शंकर से सबके सुहाग की सलामती के लिए दुवा मांगती भी इन्हें देखा गया है,गांव में होने वाली अष्टप्रहरी पूजा में शामिल होकर भगवान की परिक्रमा कर विश्व शांति का आशीर्वाद मांगने वाली महिला को किसी धर्म में बांधकर रखना कहां तक उचित है।
अमूमन देखा गया है की इनके समाज को भाजपा का समर्थक नहीं माना जाता ,परंतु विगत 20 वर्षों से भाजपा में रहते हुए अपने धर्म के प्रति इनकी निष्ठा कुछ और भी बयां करती है।
भाजपा से लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर आशान्वित सुषमा खलखो कहती है की पार्टी का हर निर्णय उनके लिए गुरुआदेश जैसा है यदि पार्टी उन्हें अवसर देगी तो वह जनता को जनार्दन मानकर सेवा के लिए समर्पित रहेंगी।

