जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के एक गांव में नक्सलियों ने हमला बोलते हुए दो लोगों की हत्या कर दी है. बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने कथित तौर पर पुलिस मुखबिरी करने के आरोप में दो ग्रामीणों की गला रेतकर हत्या कर दी है. नक्सली संगठन के पामेड़ एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए प्रेस नोट भी जारी किया है.
दोनों मृतक ही ग्रामीण घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र दुल्लेड़ गांव के निवासी थे. जानकारी के मुताबिक मृतक ग्रामीणों का नाम सोढ़ी हूंगा और माड़वी नंदा है. बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने ग्रामीणों को घर से अगवा कर कुछ दूर ले जाकर उनकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी.
चिंतागुफा थाना की पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने दोनों ग्रामीणों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से नक्सली पर्चा भी बरामद किया गया है. इसमें दोनों ग्रामीणो पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप नक्सलियों ने लगाया है. नक्सलियों ने इसके अलावा इसी गांव के रहने वाले पड़मा (पंगाल ड़ेंगाल) और देवे पर भी पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया है और इस काम को छोड़कर साधारण जिंदगी जीने की चेतावनी दी है. इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है.

