रायगढ़. देश के कई राज्यों में स्कूल खुलने लगे हैं। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी चल रही है लेकिन माध्यमिक शिक्षा मंडल की तरफ से सीजी बोर्ड के दसवीं और बारहवीं बोर्ड और प्रैक्टिकल परीक्षाओं को लेकर कोई दिशा निर्देश नहीं मिला है। यह स्पष्ट है कि बोर्ड परीक्षा ऑफलाइन यानि स्कूल में ही होगी। जिले में विभाग बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लगातार ऑनलाइन टेस्ट ले रहा है। प्रैक्टिकल और बोर्ड परीक्षाओं के लेकर स्पष्टता नहीं होने के कारण छात्र और पालक भी असमंजस में हैं। जिला शिक्षाधिकारी के अनुसार इसके लिए किसी प्रकार का निर्देश नहीं आया है। दूसरी तरफ जिले के शिक्षाविदों का अनुमान है कि कोरोना गाइडलाइन के हिसाब से इस बार बच्चों के प्रैक्टिकल भी ऑनलाइन हो सकते हैं। 2020-21 की हाईस्कूल व हायर सेकंडरी की प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट परीक्षाएं जनवरी से हो सकती हैं। बाह्य परीक्षक माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही इस बार ऑनलाइन असाइनमेंट के प्राप्तांक को मुख्य परीक्षा 2020-21 में आंतरिक मूल्यांकन के रूप में मान्य किया जा सकता है।
अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है
“छत्तीसगढ़ में संक्रमण की बढ़ोतरी के मद्देनजर स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। जिसके कारण प्रैक्टिकल परीक्षा नही हो पाई है। साथ ही शासन से किसी प्रकार का दिशा निर्देश जारी नहीं हुआ है। छात्रों को ऑनलाइन प्रोजेक्ट वर्क दिए जा रहें हैं। आगे निर्देश आने पर कुछ कह पाएंगे।”
-आरपी आदित्य, डीइओ, रायगढ़
साभार: दैनिक भास्कर

