जशपुर. पुरानी रंजिश को लेकर अपने पड़ोसी के घर में पेट्रोल डाल कर आग लगाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आगजनी से परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। 21 एवं 22 दिसंबर की रात को कांसाबेल थाना क्षेत्र के टांगरगांव खखरीझरिया निवासी मनचलन यादव के घर में अज्ञात आरोपी ने पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी थी। आग लगाने से मनचलन के परिवार के आधा दर्जन लोग आग की चपेट में आ गए थे। सदस्यों को इलाज के लिए कांसाबेल अस्पताल ले जाया गया था। घटना के बाद 22 दिसंबर को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। कांसाबेल थाना प्रभारी, सउनि टेकराम सारथी व देवनारायण यादव की टीम ने टांगरगांव खखरीझरिया के संदेही रामानंद साय (19) से पूछताछ करने पर उसने मनलचन यादव से पुरानी रंजिश का बदला लेने की नियत से घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पड़ोसी को जान से मरना चाहता था आरोपी
पुरानी रंजिश को लेकर रामानंद साय अपने पड़ोसी मनचलन यादव को जान से मारना चाहता था। उसने पुलिस को बताया कि मनचलन हमेशा गाली-गलौच करता रहता था। जिससे वो आहत होकर उसे जान से मारना चाहता था। घटना के दिन उसे मारने के लिए फोन कर उसके राहल के खेत में भैंस घुसने की झूठी जानकारी दी, लेकिन वह घर से बाहर नहीं अाया। उसके बाद आरोपी ने आधी रात को मनचलन के घर में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दिया था।
साभार: दैनिक भास्कर

