10 साल में पहली बार दिसंबर में सबसे कम पड़ी ठंड, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात से आसमान में छाए बादल
रायगढ़. मौसम में हो रहे बदलाव के कारण इस बार जशपुरिया ठंड का एहसास लोगों को काफी कम हुआ। दस साल में पहली बार दिसंबर के महीने में मुश्किल से पांच से छह दिन ही लोग कड़ाके की ठंड महसूस कर पाए। बीते तीन दिनों से आसमान में मंडरा रहे बादलों के कारण ठंड में लगातार कमी आ रही है और रविवार को न्यूनतम तापमान का पारा 12 डिग्री तक चढ़ गया है। जनवरी के पहले सप्ताह में ऐसा पहली बार देखा जा रहा है कि लोग आराम से बगैर अलाव या हीटर के रह ले रहे हैं। दिन में बगैर गर्म कपड़ों के भी काम चल जा रहा है। रविवार को दोपहर में धूप तेज थी। इस कारण लोगों को ठंड का एहसास नहीं हुआ। शाम को भी कोई खास ठंड नहीं थी। हालांकि गर्म कपड़े पहनने पड़े। इस बार दिसंबर में शहर का न्यूनतम तापमान सिर्फ एक दिन 22 दिसंबर 4.5 डिग्री तक गिरा था। इसके बाद से ठंड में लगातार कमी ही देखी गई। 25 व 26 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री पर रहा। सुबह के वक्त बर्फ की चादर भी सिर्फ चार-पांच दिन ही देखने को मिली। ऐसा माना जा रहा था कि इस वर्ष अधिक बारिश के कारण कड़ाके की ठंड पड़ेगी। पर बार-बार विक्षोभ के कारण बादल छा रहे हैं और मौसम का मिजाज बदल रहा है।
साभार: दैनिक भास्कर

