रायगढ़. पंजरीप्लांट में स्थित जिला रोजगार कार्यालय में हर रोज लगती है ऐसी कतार, नौकरी की उम्मीद लिए पहुंचते हैं युवा।
रोजगार ऑफिस में लग रही है युवाओं की भीड़, हर दिन पूछताछ करने आ रहे, 4 महीने में 4500 पंजीयन
देशभर में 8.5 हजार पदों पर भर्ती होनी है। नौकरी की उम्मीद लिए युवाओं की हर रोज रोजगार कार्यालय में भीड़ लग रही है। हर रोज सैकड़ों लोग पंजीयन करा रहे हैं। कोरोना की बंदिशें हटने के बाद सितंबर से अब तक 4500 से अधिक युवा पंजीयन करा चुके हैं। दूसरी ओर युवाओं में चिंता इस बात को लेकर भी है कि दो साल से केंद्र और राज्य सरकार पद जारी कर भर्ती की तैयारी कर रहे हैं फिर या तो भर्तियां टल रही हैं या रद्द हो रही हैं। एआईसीओ और सीजीएल, एसएससी के लिए पूरे देश में 8500 भर्तियां निकली हुई हैं। इसके लिए युवा तैयारियों में लगे हुए हैं। शहर में 1 लाख 15 हजार 725 लोग पंजीकृत हैं। कोरोना के कारण बीच में पंजीयन दर की रफ्तार कम हो गई थी। सितंबर में अनलॉक के बाद युवाओं में फिर उम्मीद जागी है।
पीएससी मेंस हुई नहीं, प्रारंभिक परीक्षा के लिए घोषित की तिथि
2019 में राज्य लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा होनी थी। इसे आयोग ने टाल दिया है। लेकिन कुछ दिनों पहले ही 2020 राज्य लोक सेवा आयोग के प्रारंभिक परीक्षा के लिए 14 फरवरी की तिथि घोषित हुई है। ऐसे में प्रारंभिक प्रारंभिक परीक्षा पास करके बैठे अभ्यर्थियों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है कि वे मुख्य परीक्षा की तैयारी करें या फिर प्रारंभिक परीक्षा दें।
ये वैकेंसियां निकलीं अभी
एआईसीओ पद के लिए 2 हजार भर्तियां
समय 9 जनवरी तक
सीजीएल, एसससी के लिए 6506 भर्तियां
समय 31 जनवरी तक
ये वैकेंसी जारी कर भूली सरकार
2018 में 655 पदों में एसआई भर्ती
2018 में 2259 आरक्षक भर्ती
4 जनवरी को फिजिकल टेस्ट की तिथि घोषित की गई थी। जो बाद में टाल दी गई
वनविभाग में 2019 में 178 पद एसीएफ और रेंजर के
ये भर्तियां रद्द हुईं
उच्चा शिक्षा विभाग में सहायक कुल सचिव के 12 पद निकाले
17 दिसंबर को वैकेंसी जारी की गई।
29 दिसंबर को वैकेंसी रद्द कर दी गई।
विधानसभा में सहायक ग्रेड की भर्ती लगभग तीन बार रद्द की गई
यह सुविधा: फुटपाथ में खुला लोक सेवा केंद्र
कार्यालय में पंजीयन वेरिफाइ किया जा रहा है। लेकिन इससे पहले लोक सेवा केंद्र में छात्रों को अपना अंकसूची अपलोड कराकर इंट्री करानी होती है। इसलिए सभी पहले लोक सेवा केंद्र में पहले पहुंचते हैं। यहां से लोक सेवा केंद्र काफी दूर है। इसलिए लोक सेवा केंद्र लिखकर फुटपाथ पर ही दुकान खोल दी गई है।
असमंजस की स्थिति है
“पुरानी वैकेंसियों को रोक दिया गया है। युवा दो सालों से लगातार मेहनत कर रहे हैं। अचानक दूसरी भर्तियां निकाल दी जाती हैं। ऐसे में युवा असमंजस में है कि वे पूर्व में घोषित पदों में भर्ती की तैयारी करें या फिर नए फॉर्म भरें।”
–अबरार हुसैन, शिक्षाविद्
कोविड के बाद जगी उम्मीद
“कोविड के कारण पंजीयन बंद था। अब सब कुछ सामान्य हो रहा है तो युवाओं में नौकरी की उम्मीद जागी है। पंजीयन शुरू हो गया है। इसलिए भीड़ अचानक बढ़ी हुई लग रही है।”
-रामजीत राम, जिला रोजगार अधिकारी
साभार: दैनिक भास्कर

