कलेक्टर की अध्यक्षता में रेडक्रास सोसायटी के जिला कार्यकारिणी की हुई बैठक
रायगढ़. गुरुवार को कलेक्टर भीम सिंह की अध्यक्षता ने रेडक्रास सोसायटी रायगढ़ शाखा के कार्यकारिणी समिति की बैठक ली। कलेक्टर सिंह ने कोविड प्रोटोकाल के साथ लगातार ब्लड डोनेशन कैंप लगाने के निर्देश दिए। इसके लिए अगले एक साल के लिए आयोजित किए जाने वाले कैंप की शेड्यूल तैयार करने के लिए कहा। सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रकोष्ठों तथा शासकीय कार्यालयों के सहयोग से कैंप लगाने के लिए कहा। उन्होंने एंबुलेंस क्रय करने के लिए गठित समिति के अनुमोदन से नए एंबुलेंस खरीदी का कार्य शीघ्र पूरा करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने धरमजयगढ़ में रेडक्रास का मेडिकल स्टोर खोलने के निर्देश दिए। साथ ही खरसिया में भी रेडकास का मेडिकल स्टोर खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि रेडक्रास के मेडिकल स्टोर्स में सभी प्रकार की दवाइयां उपलब्ध रहनी चाहिए। रेडक्रास के माध्यम से कितने हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है उसका एक विवरण तैयार करने के निर्देश भी दिए। डीडीआरसी (जतन केन्द्र) में आवश्यक उपकरणों की खरीदी अगले दो महीने में पूरी करने के निर्देश दिए साथ ही जल्द वहां एक जनरेटर भी उपलब्ध करवाने के लिए कहा। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को विकासखंड स्तरीय दिव्यांग जनों के सहायतार्थ कैंप लगाने के निर्देश दिए। जिससे जरूरतमंद लोगों को आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य उपकरण तथा उपचार उपलब्ध करवाया जा सके। बैठक में रायगढ़ शाखा के प्रभारी भारतीय रेडक्रास सोसायटी के प्रभारी अधिकारी ने बैठक में प्रतिवेदन के माध्यम से सोसायटी के गतिविधियों के बारे में अवगत कराया। गत वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरे के साथ पिछले बैठक में दिए निर्देशों के पालन के लिए किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत ऋचा प्रकाश चौधरी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सीएमएचओ, संतोष अग्रवाल, प्रभारी अधिकारी डॉ.एचएस उराव, सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
साभार: दैनिक भास्कर

