तीन जगहों से लिए गए सैंपल, नुकसान के डर से संचालकों ने घटाए दाम, होलसेल में मुर्गे के दाम 60 रुपए किलो तक बिके
रायगढ़. बर्ड फ्लू की आशंका से बायलर चिकन की डिमांड घटी है। इसका असर उसके दाम पर भी पड़ा है। शुक्रवार को बाजार में 80-90 रुपए किलो तक भाव घटने के बावजूद उसकी पूछ-परख पहले की अपेक्षा कम ही रही। होलसेल में मुर्गे के दाम 60 रुपए किलो बिका, जबकि 10 दिन पहले यह 160 रुपए किलो तक बिका था। इससे पहले मार्च, अप्रैल के दौरान कोरोना के कारण चिकन के भाव में गिरावट आई थी। डिमांड इतनी घटी थी कि कई पोल्ट्री फार्म संचालकों ने फ्री में मुर्गे बांट दिए थे। जून- जुलाई के बाद संक्रमण घटा तो 100 पोल्ट्रीफार्म संचालकों में 60 संचालकों ने दोबारा काम शुरू किया था। उसके बाद दाम में इजाफा हुआ और चिकन मार्केट में 160 रुपए किलो तक बिका। छह महीने बाद पोल्ट्री फार्म संचालक अब बर्ड फ्लू से नुकसान होने की आशंका जता रहे हैं। पोल्ट्री फार्म के व्यापारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि रायगढ़ शहर में चिकन मार्केट काफी बड़ा है। हर पोल्ट्री फार्म में औसतन सात से आठ क्विंटल चिकन प्रति दिन बिकता है, लेकिन बर्ड फ्लू के डर से मांग घटी तो पोल्ट्री फार्म संचालक वर्तमान में दो- तीन क्विंटल चिकन बेच पा रहे हैं।
3 माह में भेजे 54 सैंपल सभी रिपोर्ट आई निगेटिव
पशुपालन विभाग दो दिनों पहले बर्ड फ्लू को देखते हुए गाइडलाइन जारी की है। इसमें चिकन दुकानों और पोल्ट्री फार्म जाकर सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार को पशुपालन विभाग के उपसंचालक डॉ. आरएच पांडेय ने बैठक ली थी। वहा मिली गाइडलाइन के अनुसार शुक्रवार की सुबह से पशुपालन विभाग डॉक्टरों की टीम चक्रधर चौक स्थित मीट मार्केट, पुराना सारंगढ़ बस स्टैण्ड, विनोबा नगर, छातामुड़ा बायपास रोड जाकर सैंपल कलेक्टर किए। इन्हें जांच के लिए अब भोपाल हाई सिक्युरिटी लैब भेजा जाएगा।
30 फीसदी घटे अंडे के दाम
अंडा कारोबारी नवीन चेतवानी ने बताया कि पिछले महीने चिल्हर में 7 रुपए प्रति नग तक अंडे बिके थे। बर्ड फ्लू के डर से खरीदारी घटी तो तीन दिन में इसमें दो रुपए तक गिरावट आ गई। वहीं अंडे के प्रति ट्रे में भी 20 रुपए की गिरावट शुक्रवार को दर्ज की गई। कारोबारियों को अब नुकसान होने का डर सताने लगा है।
जारी किए हेल्पलाइन नंबर
बर्ड फ्लू के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी देने के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसी प्रकार का संदेह होने पर आप डॉ. डीएन चौधरी- 9752623592, डॉ. वाईपी चन्द्रा, डॉ. पूरन लाल पटेल 7000372998 से संपर्क कर सकते हैं।
अभी बर्ड फ्लू फैलने की आशंका कम
“व्यापारियों में बर्ड फ्लू को देखते हुए पोल्टीफार्म में मुर्गों को 35 डिग्री सेल्सियस तापमान में रखा जा रहा है। पोल्ट्री फार्म से जुड़े व्यापारी भी सतर्क हो गए हैं। एक तो सर्द मौसम और दूसरा बर्ड फ्लू का डर है। इसलिए एहतियात बरतने के लिए कहा है। फिलहाल हमारे इलाके में बर्ड फ्लू फैलने की आशंका कम है।”
-रिजवान खान, व्यापारी, पोल्ट्री फार्म
साभार: दैनिक भास्कर

