डेढ़ महीने में 39.27 लाख क्विंटल धान खरीदी
रायगढ़. धान खरीदी पूरी होने में अब 13 दिन शेष रह गए हैं। डेढ़ महीने में 39 लाख 27 हजार क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। टारगेट पूरा करने लगभग 12 लाख क्विंटल धान और खरीदा जाना है। जिले में अब तक लगभग 77 फीसदी खरीदी हो चुकी है। पिछले सालों के मुकाबले औसत खरीदी ज्यादा हुई है। अब बारदाने की कमी होने के कारण सोसाइटियों में खरीदी धीमी की गई है। मार्कफेड के पास पर्याप्त बारदाना नहीं है, इसे देखते हुए सोसाइटियों में खरीदी धीमी गति करने के लिए कहा गया है। साढ़े 6 लाख बोरे विपणन विभाग के पास उपलब्ध थे, जिसे पिछले दो दिन में सोसाइटियों के पास भेजा गया। इस हफ्ते में ढाई लाख प्लास्टिक बोरे आने की बात कही जा रही है। अंतिम चरण की खरीदी के लिए ढाई लाख बोरे और आएंगे।
मिलर्स को 100 फीसदी बोरे देने होंगे
डीएमओ एसके गुप्ता ने बताया कि, मिलर्स को निर्देश दिया गया कि वे सोसाइटी से जितना धान उठाते हैं उसका 100 फीसदी बारदाना लौटाएंगे। पहले मिलर्स से 66 प्रतिशत बारदाना ही जमा करने के लिए कहा गया था। बारदाने किल्लत को देखते हुए मिलर्स से शत प्रतिशत बारदाना वापस लिया जाएगा।
अब बोरे लेकर आने वाले किसानों से खरीद रहे धान
केशला, कोड़ातराई, कोड़पाली, गढ़उमरिया, पटेलपाली, लोइंग, छपोरा जैसी दर्जनों सोसाइटियों में बारदाना नहीं है। ऐसी सोसाइटियों में मिलर्स ने भी जो बारदाने उपलब्ध कराए थे उनमें ज्यादातर खराब निकले। बोरे लेकर पहुंचने वाले किसानों का ही धान खरीदा जा रहा है। दो दिनों पहले पटेलपाली मंडी में बारदाने नहीं होने की स्थिति में किसानों ने हंगामा कर दिया था, इसके बाद बारदानों का इंतजाम कराकर खरीदी शुरू की गई।
साभार: दैनिक भास्कर

