बिना टीपी के डोलोमाइट का परिवहन, अनुमति बगैर चल रहा था क्रशर
रायगढ़. खनिज के अवैध परिवहन और उत्खनन पर विभाग, पुलिस और व्यापारियों की बीच लंबी खींचतान के बाद एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। भंडारण नियमों की अनदेखी और बिना ट्रांजिट पास के परिवहन की शिकायतों के बाद कलेक्टर भीम सिंह के निर्देश पर गुरुवार सुबह से देर शाम तक खनिज विभाग की टीम ने पांच कोयला, दो डोलोमाइट और एक लाइम स्टोन से लदी गाड़ियां जब्त कीं। तीन क्रशर सील किए गए। गुरुवार को दिनभर खनिज निरीक्षक राकेश वर्मा ने अपनी टीम के साथ सघन जांच और कार्रवाई की। इसी दौरान गुड़ेली के पास तीन गाड़ियों को जब्त किया गया। तीन ट्रक एसईसीएल खदान से कोयला लेकर लाखा के लिए निकले थे। लाखा के बजाय गाड़ियां गुड़ेली पहुंच गईं। यहां पूछताछ करने पर चालक जवाब नहीं दे पाए, तीनों भारी वाहन जब्त किए गए। कोयला लदे दो अन्य ट्रेलर की जांच करने पर टीपी क्लोज पाई गई। उक्त वाहन आरडीएस ट्रांसपोर्ट और बालाजी अर्थ मूवर्स के बताए गए हैं। बोदा टिकरा के पास 4 ईंट भट्ठों से डेढ़ लाख की ईंट जब्त- बोदाटिकरा के पास बन रहे लाल ईंट के भट्ठों पर खनिज विभाग ने कार्रवाई कर लगभग डेढ़ लाख रुपए के ईंट जब्त किए हैं। साथ ही अवैध रूप से मुरुम उत्खनन कर रहे दो ट्रैक्टर और जेसीबी जब्त की गई है। सूचना मिलने पर जांच के लिए पहुंची खनिज विभाग की टीम को प्रजापति नाम के शख्स द्वारा भट्टा संचालित करने की जानकारी मिली। चार ईंट भट्टों में बने लगभग 35 हजार ईंट जब्त की गई। यह करीब डेढ़ लाख रुपए की है।
इन गाड़ियों पर हुई कार्रवाई
कोयले की पांच गाड़ी- सीजी 13 एडी। 5319। सीजी 13 एन 8844, सीजी 13 एल ए 5422। सीजी 13 ए एफ 2981, सीजी 13 एएच 5626।
डोलेमाइट की गाड़ी- ओआर 29 6037, ओ आर 17 जेड 0256
लाइम स्टोन से भरा ट्रक- सीजी 13 एल ए 1780
बिना रायल्टी पर्ची ओडिशा ले जा रहे थे डोलोमाइट
डोलोमाइट लेकर बरगढ़ जा रहे दो ट्रकों की सरिया के पास रोक कर जांच की गई। दोनों ट्रकों में परिवहन के लिए जरूरी ट्रांजिट पास और जरूरी कागजात नहीं थे। पूछताछ में पता चला कि गाड़ियां मां चंद्राहासिनी उद्योग से निकली थीं। इसके संचालक सुरेश अग्रवाल हैं, खनिज विभाग की टीम ने ट्रक जब्त करने के साथ ही क्रशर भी सील किए हैं।
क्रशर की अनुमति नहीं फिर भी खनिज परिवहन
एक ट्रक को लाइम स्टोन परिवहन करते पकड़ा गया। गोविंद शर्मा के नाम से संचालित क्रशर की वैद्यता खत्म हो चुकी है। बावजूद गाड़ियों में माल भरकर भेजा जा रहा था। गाड़ी को जब्त करने के बाद टीम ने इस क्रशर को भी सील किया। साल्हेओना के ओम मिनरल्स को भी सील किया गया है। यहां भंडारण नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।
साभार: दैनिक भास्कर

