महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने सभी राज्य के सचिवों को दिए निर्देश
रायगढ़. पोषण अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलने वाले पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता का अब पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसे लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से सभी राज्यों के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि अब लाभार्थी को दिये जाने वाले पूरक पोषाहार खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत दिए गए मानदंडों को पूरा करते हों। निर्देश के मुताबिक लोगों को दिये जाने वाले टेक होम राशन को पहले भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) या राष्ट्रीय परीक्षण और अंश शोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) द्वारा मान्यता प्राप्त प्रयोग शाला से जांच किया जाना अनिवार्य है। इसके लिए आंगनबाड़ी सेवा से जुड़े अधिकारियों जैसे सीडीपीओ व सुपरवाइजर को आंगनबाड़ी केंद्रों पर पूरक पोषाहार की स्टाक मिलने के बाद सैंपलों की जांच जरूर करानी है। गर्म पके हुए भोजन दिए जाने की स्थिति में यह अवश्य सुनिश्चित किया जाए कि खाना उचित तरीके से तैयार किया गया हो। इसमें रसोई घर की सही तरीके से सफाई व साफ पेयजल का ध्यान रखना भी शामिल है।
साभार: दैनिक भास्कर

