ब्रजराजनगर में 300 से अधिक लोग बैठे ट्रैक पर, साउथ बिहार, उत्कल एक्स. 3 घंटे तक लेट हुईं
रायगढ़. स्पेशल ट्रेन के नाम पर चलाई जा रही उत्कल एक्सप्रेस और पुरी जोधपुर सुपरफास्ट ट्रेनों के ओडिशा के ब्रजराजनगर में ठहराव को लेकर स्थानीय सिटीजन कमेटी और सामाजिक संगठनों ने रेल रोको आंदोलन किया। आंदोलन के कारण ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों में खड़ी रहीं। साउथ बिहार एक्सप्रेस को 2 घंटों तक रायगढ़ में रोके रखा गया। उत्कल एक्सप्रेस भी झारसुगुड़ा में खड़ी रही। अंत में 47 आंदोलनकारियों को रेलवे एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। ब्रजराजनगर सिटीजन कमेटी और स्थानीय सामाजिक संगठनों ने ट्रेनों के ठहराव को लेकर रेल रोको आंदोलन की चेतावनी रेलवे को दी थी। गुरुवार सुबह 300 से अधिक ग्रामीण ब्रजराजनगर मेन लाइन पर आकर बैठ गए। साउथ बिहार एक्सप्रेस 12.10 बजे रायगढ़ आई और 2.15 बजे तक प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी रही। रायगढ़ में 11.48 बजे आने वाली उत्कल एक्सप्रेस 3.34 बजे रायगढ़ आई। दरअसल रेलवे ने कुछ दिनों पहले ही गाड़ी संख्या 0877और 0878 पुरी-हरिद्वार उत्कल एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 02093/ 02094 पुरी जोधपुर सुपरफास्ट ट्रेन के पुनः प्रारम्भ होने की घोषणा की। इन ट्रेनों के ठहराव को ब्रजराजनगर सहित कुछ स्टेशनों से हटा दिया गया। स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न संगठन इसी बात से नाराज थे और उन्होंने रेल रोको आंदोलन की योजना बनाई।
यात्री होते रहे परेशान
रायगढ़ में ट्रेन दो घंटे से भी अधिक समय तक खड़ी रही। ऐसे में खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग परेशान होते रहे। दरअसल स्टेशन पर तैनात रेलवे कर्मी और अफसर ट्रेन आगे रवाना होने के विषय में कोई जानकारी नहीं दे पा रहे थे इसलिए लोग खाने-पीने के सामान लेने बाहर भी नहीं जा सके। साउथ बिहार एक्सप्रेस में ना तो कोई खाने की व्यवस्था थी ना ही प्लेटफार्म पर कोई भोजनालाय। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
साभार: दैनिक भास्कर

