पुलिस लाइन के सामने ढाबे में बिक रही शराब पर कोतवाली पुलिस की रेड
रायगढ़. उर्दना पुलिस लाइन के पास घरघोड़ा मार्ग पर स्थित ढाबे में अवैध रूप से बिक रहे शराब पर रेड कर पुलिस ने भारी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस ग्राहक बनकर शराब लेने के लिए सिविल ड्रेस में ढाबे पहुंची थी। जब ढाबे के मालिक ने उन्हें शराब ऑफर की तो टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई गुरुवार शाम लगभग 9 बजे की है। कोतवाली प्रभारी कृष्णकांत सिंह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक नंदु सारथी, श्यामदेव साहू, आरक्षक हेमन पात्रे, लखेश्वर पुसरेठ ने रेड की। टीआई को इसकी मुखबिर से सूचना मिली थी। स्टाफ सिविल ड्रेस में हाइवे के पास से ढाबा में निगाह रखे हुए थे। जिसके रात लगभग साढ़े 9 बजे गवाहों के साथ पुलिस ने रेड किया। ढाबे के मालिक पंकज वैष्णव और व्यावसायिक सहयोगी अंकित पटवा विभिन्न कंपनी के शराब अपने ढाबा में ग्राहकों को दे रहे थे। शराब के साथ आरोपियों को दबोचने के बाद पूछताछ हुई। पूछताछ में आबकारी लायसेंस प्रस्तुत करने नोटिस दिया गया। ढाबा संचालक ने विक्रय से संबंधित कोई भी अनुमति नहीं होने की बात कही। कोतवाली पुलिस ने ढाबे में अवैध बिक्री के लिए रखी 77 बोतल शराब और 5 बोतल बीयर जब्त की। ढाबा संचालक पंकज वैष्णव (29) निवासी उर्दना ढाबा के पास और अंकित पटवा (32) को गिरफ्तार कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 34 (2), 59 (क) आबकारी एक्ट की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद कोतवाली पुलिस ने ढाबे में अवैध रूप बिक रही शराब के संबंध में आबकारी विभाग रायगढ़ को प्रतिवेदन भेजा है।
साभार: दैनिक भास्कर

