सभी अधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने की कलेक्टर ने दी हिदायत
नामांकन, सीमांकन जैसे प्रकरणों को अभियान चलाकर निराकृत करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
धान के अलावा अन्य फसल लेने के लिये लोगो को प्रेरित करे -कलेक्टर
जशपुरनगर 23 फरवरी 2021/ कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज कलेक्ट्रोरेट सभाकक्ष में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आई एल ठाकुर, सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बैठक में सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में ग्रामीण सचिवालय का नियमित रूप से संचालन कराने के निर्देश दिए साथ ही ग्रामीण सचिवालयों में पटवारी, सचिव सहित सभी पंचायत स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की हिदायत दी। जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का निर्धारित समयावधि में निराकृत किया जा सके। उन्होंने ग्रामीण सचिवालय के माध्यम से ही स्कूली बच्चों का जाति प्रमाण बनाने के अभियान को जोड़ने की बात कही। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्र मे लोगो को धान के अलावा अन्य फसल लगानेे के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। जिससे ग्रामीण धान के अलावा अन्य फसलों की खेती भी करे और उससे उन्हें मुनाफा हो।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में परामर्शदात्री समिति की नियमित बैठक लेने की हिदायत दी। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को कोविड का टीका लगाना सुनिश्चित कराने की हिदायत दी। जिससे पंजीकृत सभी फ्रंट लाइन वर्कस को टीका लग सके। कलेक्टर ने गौठान में नियुक्त नोडल अधिकारियों को अपने अपने गौठानो मे एक एक गतिविधियों का चयन कर उसका सफल क्रियान्वयन कराने की बात कही। उन्होंने वन अधिकार पत्रधारियो की जानकारी पोर्टल पर ऑनलाईन एंट्री कार्य को गंभीरता से पूर्ण कराने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से राजस्व न्यायालयों में लंबे समय लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए निराकृत न होने के कारणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का समय पर निपटारा करना जरूरी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने विभाग के अंतर्गत दो वर्ष से अधिक लंबित प्रकरणों का तत्काल जांच कराकर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई कोर्ट के माध्यम से होने वाली सुनवाई की जानकारी लेते हुए पक्षकारों को पेशी की तारीख की सूचना उपलब्ध कराने की बात कही। इस हेतु आवेदन के साथ पक्षकारों के संपर्क नंबर दर्ज कराने की हिदायत दी। जिससे मेसेज के माध्यम से उन्हें सूचित किया जा सके। साथ ही सभी एसडीएम को अपने रीडर्स के माध्यम से पेशी के डेट अपडेट कराने की बात कही।
कलेक्टर ने डायवर्सन के प्रकरणों में कड़ाई करने एवं नियम का पालन न करने वालो पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आदिवासियों को जमीन का हक दिलाने वाले प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द से जल्द निराकृत करने की हिदायत दी। उन्होंने राजस्व विभाग के अधीन नामांतरण, बंटवारा, सीमांकनए अतिक्रमण के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए यथाशीघ्र निराकृत करने की हिदायत। उन्होंने नामांकन, बटवारा जैसे कार्यो के लिए अभियान चलाकर प्रकरणों को निराकृत कराने की बात कही। उन्होंने नजूल पट्टा की समीक्षा करते हुए कहा कि 30 वर्षीय पट्टेधारी को भूमि स्वामी का हक दिलाना हैं। इस हेतु 7500 वर्गफीट व्यवस्थापन कार्य मे तेजी लाने की बात कही। इस दौरान कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों के समय.सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र ही निराकृत करने एवं निराकृत हो चुके आवेदनों को विलोपित कराने के निर्देश दिए।

