होम आईसोलेशन नियम के उल्लंघन पर होगी एफआईआर-कलेक्टर श्री भीम सिंह
कलेक्टर श्री सिंह ने ली समय-सीमा की बैठक
रायगढ़, 13 अप्रैल2021/ कलेक्टर श्री भीम सिंह आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने होम आईसोलेशन के नियमों के उल्लंघन करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कोविड-19 के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिये किये जा रहे उपायों की समीक्षा की गई। सबसे पहले वैक्सीनेशन की चर्चा कलेक्टर श्री सिंह ने की। इस दौरान रायगढ़ शहरी में अब सिर्फ 46 प्रतिशत टीकाकरण होने पर योजनाबद्ध तरीके कार्य करने और लाक डाउन के दौरान वैक्सीनेशन सेंटरों में 45 प्लस उम्र वालों को कोरोना वैक्सीन लगवाने के निर्देश निगम कमिश्नर श्री आशुतोष पाण्डेय को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने रायगढ़ शहरी क्षेत्र अंतर्गतं रात 8 बजे तक वैक्सीनेशन सेंटर को खुला रखने और वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रथम डोज लगाने के लिए जिन ग्राम सचिव व सरपंच ने ग्रामीणों को जागरूक किया, उन्हें सूची बनाकर रखनी होगी और आने वाले 6 हफ्तों बाद फिर उन्हें जागरूक कर वैक्सीन का सेकेंड डोज लगवाना होगा। कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पतालों में आक्सीजेनेटेड और आईसीयू बेड पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में केआईटी में 200 आक्सीजेनेटेड बेड का इंतजाम कर लिया जाएगा। इसी तरह मेडिकल कालेज सहित सभी प्राइवेट अस्पतालों को आक्सीजेनेटेड और आईसीयू बेड के संसाधन तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने कोरोना मरीजों के लिए आयुष्मान कार्ड के तहत इलाज सुविधा मुहैया कराने के निर्देश निजी अस्पताल प्रबंधकों को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि लाक डाउन के नियमों का पालन सभी विभागों को करना है। इस दौरान उन्होंने ट्रेनों से आने वाले लोगों की जांच और होम आईसोलेशन संबंधित नियमों के पालन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम को लॉक डाउन के दौरान कंटेनमेंट जोन घोषित करने और होम आईसोलेशन संबंधित नियमों का पालन कराना सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने होम आईसोलेशन का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश सभी एसडीएम को दिये।
बैठक में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा किए गए घोषणा के स्वीकृत कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। कलेक्टर श्री भीम सिंह ने सभी विभागों को मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा किए गए घोषणा की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित विभाग घोषणा को पूर्ण करने पूरी तेजी से कार्य करने के निर्देश दिये। इसके बाद गोधन न्याय योजना पर चर्चा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी गोबर खरीदी केन्द्रों में गोबर की खरीदी नियमित होनी चाहिए। ऐसे केन्द्र जहां गोबर खरीदी शुरू नहीं हुआ है, वहां भी गोबर खरीदी आने वाले दिनों में करने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने खाद के एवज में भुगतान की समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने गौठान समिति से वर्मी कम्पोस्ट लेने वाले सभी विभागों को समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत डॉ.रवि मित्तल, अपर कलेक्टर श्री आर.ए. कुरूवंशी, एसडीएम श्री युगल किशोर उर्वशा सहित सभी डिप्टी कलेक्टर और विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
मरीजों को डाइट मिले समय पर और डाक्टर करें हर घंटे राउंड
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मेडिकल कालेज सहित अन्य अस्पतालो जहां पर कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है वहां समय पर मरीजों को नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन समय पर देने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसी तरह मेडिकल कालेज व अन्य जगहों के कोरोना वार्डों में भर्ती मरीजों की स्थिति देखने हर घंटे डाक्टर सहित स्टाफ को वार्डों का भ्रमण करने निर्देशित किया गया।
सरपंचों को दें कुपोषित बच्चों की जानकारी
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री भीम सिंह ने सभी जनपद सीईओ को लगातार कुपोषण की समीक्षा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर की कुपोषित बच्चों की सूची बनाने और इसकी जानकारी सरपंचों को भी देने की बात कही। ऐसे करने से सरपंचों द्वारा भी उनके ग्राम पंचायत अंतर्गत कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को कुपोषण से सुपोषण में लाने लक्ष्य के तहत कार्य किया जा रहा है। इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स.क्र./55/राहुल फोटो.. 7 से 9 तक
कांटेक्ट ट्रेसिंग के लिये डिप्टी कलेक्टर श्रीमती एक्का नोडल अधिकारी नियुक्त
रायगढ़, 13 अप्रैल2021/ कलेक्टर श्री भीम सिंह ने प्रदेश एवं रायगढ़ जिले में नोवेल कोरोना वायरस (कोविड-19)संक्रमण व्यक्तियों की संभावित वृद्धि को देखते हुये कांटेक्ट ट्रेसिंग हेतु डिप्टी कलेक्टर श्रीमती वेरनादत्त एक्का को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
स.क्र./56/राहुल
टीका लगवा चुके लोगों पर कोरोना महामारी का असर कम हुआ है
कोरोना संक्रमण नियंत्रण एवं बचाव के लिए फंड की कमी नहीं होगी-प्रभारी मंत्री श्री रविन्द्र चौबे
प्रभारी मंत्री श्री रविन्द्र चौबे एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल ने जिले में कोविड से निपटने की जा रही तैयारियों की समीक्षा की
डीएमएफ की राशि के उपयोग के लिए कलेक्टर रायगढ़ को फ्री हैंड
विधायकगणों ने भी अपनी निधि के उपयोग के लिए दी सहमति
14 अप्रैल से 22 अप्रैल तक रायगढ़ में होगा लॉक डाउन
रायगढ़, 13 अप्रैल2021/ कोरोना टीका लगवा चुके लोग कोविड-19 संक्रमण के दूसरे दौर में काफी हद तक सुरक्षित हैं। कोरोना संक्रमित होने वालों में, ऐसे लोगों की संख्या नगण्य है, जो कोरोना का पहले अथवा दोनों दौर का टीका लगवा चुके हैं। रायगढ़ जिले में कोरोना वैक्सीनेशन तेजी से कराया जा रहा है। पात्रतानुसार 94 प्रतिशत यानी 2,86,531 लोगों को प्रथम दौर का तथा 8443 लोगों को द्वितीय दौर का टीका लगाया जा चुका है। यह बातें जिला प्रशासन रायगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कृषि एवं जल संसाधन मंत्री तथा रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री श्री रविन्द्र चौबे द्वारा कोरोना महामारी प्रबंधन के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ली जा रही समीक्षा बैठक के दौरान कही।
प्रभारी मंत्री श्री रविन्द्र चौबे एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल ने आज अपने निवास कार्यालय से रायगढ़ जिले के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर रायगढ़ जिले में कोरोना महामारी प्रबंधन की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम, उपचार और जरूरतमंदों की मदद के लिए राशि की कमी नहीं आने दी जाएगी। जिला प्रशासन को उसकी आवश्यकता के अनुरूप फंड उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने 14 अप्रैल से 22 अप्रैल तक रायगढ़ जिले में होने वाले लॉकडाउन की तैयारियों के बारे में भी कलेक्टर श्री भीम सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री संतोष सिंह से जानकारी ली। मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि लॉक डाउन के दौरान श्रमिकों एवं जरूरतमंदों को राशन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। मंत्री श्री चौबे ने कहा कि कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति गंभीर है । ऐसी स्थिति में हमारी यह जिम्मेदारी है, कि हम अपने कर्तव्य के निर्वहन के प्रति भी पूरी तरह से तत्पर और गंभीर रहें। उन्होंने कलेक्टर श्री भीम सिंह को कोरोना महामारी नियंत्रण और पीडि़तों के इलाज की बेहतर व्यवस्था के लिए डीएमएफ की राशि के उपयोग के निर्देश दिए।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल ने कहा कि कोरोना संक्रमित लोगों के उपचार के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। जिले में पर्याप्त संख्या में ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की जाए। कोविड संक्रमित ऐसे लोग, जो होम आइसोलेशन में हैं, उनके दवाओं की आपूर्ति और नियमित फालोअप का भी विशेष ध्यान रखा जाये। इस अवसर पर विधायकगणों ने भी विधायक निधि की राशि का कोरोना नियंत्रण एवं उपचार की व्यवस्था के लिए उपयोग किए जाने की सहमति दी।
कलेक्टर श्री भीम सिंह ने बताया कि कोरोना नियंत्रण के लिए 14 अप्रैल से 22 अप्रैल तक जिले में लॉकडाउन रहेगा । इसको लेकर आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। बाहर से आने वाले लोगों एवं श्रमिकों को क्वारेंटिंन सेंटर में रखे जाने हेतु पंचायतों में क्वॉरेंटाइन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। वहां भोजन, आवास, पेयजल आदि का प्रबंध सुनिश्चित किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि रायगढ़ जिले में कोविड-19 के इलाज के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। मातृ शिशु चिकित्सालय में 100 बिस्तर वाला, कोविड डेडिकेटेड हॉस्पिटल तथा मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में 200 बिस्तर हॉस्पिटल संचालित है। अभी 54 आईसीयू तथा 332 ऑक्सीजन बेड कार्यरत हैं। इनकी संख्या बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है। 80 ऑक्सीजन बेड और तैयार किए जा रहे हैं। केआईटी रायगढ़ में 500 बिस्तर वाला कोविड-केयर सेंटर एक-दो दिन में तैयार हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सारंगढ़ स्थित मंगल भवन में 50 बेड वाला कोविड-केयर सेंटर संचालित है। लैलूंगा के एमसीएच में 50 बेडेड कोविड सेंटर तैयार किया जा रहा है। रायगढ़ स्थित निजी चिकित्सालयों में भी कोरोना मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। समीक्षा बैठक में विधायक रायगढ़ श्री प्रकाश नायक और सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ केशरी भी बैठक में वर्चुअल रूप से शामिल हुए।

