भक्त परशुराम व विभूती प्रतिभा सम्मान से सम्मानित होंगे विप्रजन
राकेश, निशा व अनिता शर्मा के सुमधुर भजनों में झूमे श्रद्धालु
फेसबुक व अन्य सोशल साइट्स पर हुआ लाइव प्रसारण
रायगढ़। जय परशुराम फाउंडेशन, रायगढ़ दृष्टि एवं केके फिल्म्स के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को वर्चुअल प्लेटफार्म पर भगवान परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। घर-घर रंगोली सजेगी। विप्रजन आरती की थाल सजाकर भगवान परशुराम की महाआरती करेंगे। कोरोना काल में ऑनलाइन आयोजित कार्यक्रमों में समाज के लोग उत्साह से हिस्सा ले रहे हैं। गुरुवार को भजन संध्या में राकेश शर्मा, निशा व अनिता शर्मा ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिसका सोशल साइट्स पर लाइव प्रसारण किया गया। विप्र समाज के लोगों ने अपने-अपने घरों से ही भजनों का आनंद लिया।
जय परशुराम फाउंडेशन, रायगढ़ दृष्टि एवं केके फिल्म्स के संयुक्त तत्वावधान में कोरोनाकाल को देखते हुए गत वर्ष की भांति इस साल भी 13 व 14 मई को दो दिवसीय भगवान परशुराम उत्सव वर्चुअल प्लेटफार्म पर आयोजित किया जा रहा है।
आयोजक कमल शर्मा ने बताया कि पहले दिन गुरुवार को योग, मेहंदी, स्लोगन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व स्वच्छता विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। समाज की महिलाओं को उनकी विशिष्ट उपलब्धि व समाजसेवा के लिए ‘नारी शक्ति सम्मानÓ से सम्मानित किया गया। ऑनलाइन भजन संध्या हुई, जिसमें प्रसिद्ध सूफी गायक राकेश शर्मा, प्रसिद्ध भजन गायिका निशा व अनिता शर्मा अपने भजनों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। विप्रजनों ने अपने-अपने घरों से ही कार्यक्रम का आनंद उठाया।
श्री शर्मा ने बताया कि जयंती उत्सव के दूसरे दिन अक्षय तृतीया पर शुक्रवार को भगवान परशुराम जयंती पर माला बनाओ, आरती थाली सजाओ, घर के बाहर रंगोली बनाओ, केक बनाओ, प्रसाद बनाओ व भगवान परशुराम जी की आरती गाओ प्रतियोगिता होगी। इसी दिन समाज के विशिष्टजनों को भक्त परशुराम सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने ने बताया कि इस ऑनलाइन कार्यक्रम में हिस्सा लेने के इच्छुक समाज के लोग व्हाट्सएप नं. 98271 77019 या ई-मेल आईडी (kamalsharma.raigarh) मेल कर सकते हैं।

