सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात को बेहतर बनाने के लिए करें समन्वित प्रयास: परिवहन मंत्री श्री अकबर
छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक सम्पन्न
सड़क सुरक्षा निधि से 5 करोड़ रूपए की राशि जारी
चिन्हांकित ब्लैक स्पाॅट में तत्परता से हो सुधार की कार्यवाही
‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार’ अब तक 5 हजार से अधिक आवेदकों को घर बैठे मिला लाभ रायपुर, 22 जून 2021/ परिवहन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर की अध्यक्षता में आज राजधानी स्थित उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की वर्चुअल बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंत्री श्री अकबर ने राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास हेतु जोर दिया। परिवहन मंत्री श्री अकबर ने बैठक में लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने और इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर संसदीय सचिव श्री चन्द्रदेव राय तथा विधायक श्री अरूण वोरा भी वर्चुअल रूप से शामिल हुए। राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में परिवहन मंत्री श्री अकबर ने चर्चा करते हुए बताया कि आज ही सड़क सुरक्षा निधि में 5 करोड़ रूपए की राशि जारी हो गई है। इससे राज्य में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में और गति आएगी। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने संबंधी विभिन्न कार्यों का संचालन आसान हो जाएगा। उन्होंने सड़क सुरक्षा तथा दुर्घटना पर नियंत्रण के लिए ओव्हर लोडिंग, अत्यधिक गति तथा नशे की हालात और बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने बैठक में चर्चा करते हुए सड़क निर्माण के दौरान सड़कों में अनावश्यक मोड नहीं रखने के निर्देश दिए, ताकि मोड की वजह से सड़कों पर दुर्घटनाओं की संभावना न हो। उन्होंने वाहनों की सघन जांच और तेज गति को नियंत्रित करने के लिए स्पीड गवर्नर लगाने की दिशा में कार्रवाई करने तथा नशापान और सड़क पर स्टंट करके वाहन चलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया। परिवहन मंत्री श्री अकबर ने ब्लैक स्पाॅट के चिन्हांकन पश्चात उनमें तत्परता से सुधार की कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने सड़क सुरक्षा दुर्घटना को रोकने के उपायों के तहत पुलिया के दोनों ओर हैजार्ड मार्कर बोर्ड, रंबल स्ट्रीप में बार मार्किंग, स्ट्रीट लाइट तथा रोड मरम्मत कर डामरीकरण आदि के लिए भी निर्देशित किया। इसके अलावा सड़क किनारे तथा गैरेज में सुधार हेतु वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और कंडम वाहनों के परिचालन पर रोक और आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। बैठक में दुर्घटना के शिकार लोगों के त्वरित उपचार हेतु व्यवस्था, राज्य में ट्रांमा सेंटर की स्थिति, पाठ्यपुस्तकों में यातायात शिक्षा सामग्री का समावेश और यातायात के नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई तथा यातायात नियमों के पालन आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

