जशपुरनगर 11 जुलाई 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज मोबाईल एप्लीकेशन के माध्यम से जिले में कोविड-19 की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में कोविड जांच के मिले लक्ष्य को अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.एस.मण्डावी, अपर कलेक्टर श्री आई.एल.ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, समस्त अनुविभागीय अधिकारी, जनपद सीईओ, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, नगर पालिका सीएमओ सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी वर्चुअली रूप से जुड़े थे।
श्री कावरे ने जिले में कोविड संक्रमित मरीजों की स्थिति के सबंध में विकासखंडवार जानकारी लेते हुए होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों पर निगरानी रखने एवं उनसे नियमों का गंभीरता से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकासखंडो में आईटीआई भवन, कॉलेज भवन आश्रम छात्रवासों में निर्मित कोविड केयर सेंटर जहां वर्तमान में एक भी मरीज नही है उनका साफ सफाई एवं सेनेटाईज करा संबंधित विभाग को सौपने के निर्देश दिए। साथ ही साँस लेने में तकलीफ व गंभीर मरीजों को डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल में भर्ती करने के लिए कहा। कलेक्टर ने जिले में कोविड जांच के संबंध में जानकारी लेते हुए एंटीजन, आरटीपीसीआर, ट्रूनाॅट टेस्ट के मिले लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कोविड जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने सभी बस स्टैण्ड, हाट-बाजारों, बैंको सहित अन्य भीड़ वाले स्थानों पर लोगों का प्राथमिकता से कोविड टेस्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही संक्रमित के संपर्क में आए लोगों का प्राथमिकता से कांटेक्ट ट्रेसिंग करने एवं दवाई वितरण कराने के लिए कहा। उन्होंने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को इस कार्य मे लगे शिक्षकों को पुनः सक्रिय करने एवं संक्रमण के प्रकरण मिलने वाले क्षेत्रों में डोर टू डोर कांटेक्ट ट्रेसिंग कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने जिले में चाईल्ड केयर यूनिट की स्थापना की प्रगति के सम्बंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इसकी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए एवं जल्द से जल्द चाईल्ड केयर यूनिट की स्थापना करने एवं वहाँ आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
श्री कावरे ने सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड-19 गाईडलाईन का पालन कराने के निर्देश दिए। सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों, ठेला गुमटियों में कोरोना के गाईड लाईन , मास्क उपयोग एवं 2 गज की दूरी का अनिवार्य रूप से पालन कराने की बात कही साथ ही बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका अधिकारी एवं ग्रामीण क्षेत्रो में तहसीलदार के माध्यम से लोगो से नियमों का पालन कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि लोगों से नियमों का पालन कराना आवश्यक है। मास्क का उपयोग न करने वाले, ट्रिपल सवारी चलने वालो पर अनिवार्य रूप से कार्यवाही की जाए। उन्होंने जिले के सभी सीमावर्ती चेकपोस्ट पर विशेष ध्यान देने एवं अन्य राज्य से आने वालों का प्राथमिकता से कोविड टेस्ट कराने की बात कही। उन्होंने इस कार्य किसी प्रकार ढिलाई न बरतने के हिदायत सभी अधिकारियों को दिए।

