जशपुरनगर 12 जुलाई 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज कुनकुरी विकासखंड के रायकेरा गौठान में आयोजित रोका छेका अभियान का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुनकुरी श्री रवि राही, जनपद सीईओ कुनकुरी श्री रघुराम, उप संचालक पशुपालन विभाग श्री जी. एस. तंवर, सरपंच सचिव सहित समूह की महिलाएं उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री कावरे द्वारा उपस्थित सभी लोगों को रोका छेका अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पूरे प्रदेश में फसलों को मवेशियों से बचाने के लिए 1 जुलाई से 15 जुलाई तक रोका छेका अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोका-छेका प्रदेश की पुरानी परंपरा है जिसमें किसान बुआई के समय अपने फसल को मवेशियों से बचाने के लिए मवेशियों पर नियंत्रण करते है। रोका छेका से मवेशियों को गौठान लाकर यत्र तत्र भटकने से रोका जाता है।
श्री कावरे ने बताया कि आप सभी के सहयोग से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। इसलिए आप सभी अपने मवेशियों को चरवाहा के माध्यम से गौठान में भेजे। इससे मवेशियों से फसलों की सुरक्षा होगी और किसान निश्चिंत होकर बुआई कार्य कर सकेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान गौठान में पशुपालन विभाग द्वारा शिविर लगाकर मवेशियों का टीकाकरण कार्य भी किया जा रहा है। जिससे उन्हें विभिन्न बीमारियों से बचाया जा सके। गौठान में मवेशियों के लिए चारे पानी की भी व्यवस्था है। इससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
कलेक्टर द्वारा गौठान का निरीक्षण कर खाद निर्माण की जानकारी लेते हुए निर्मित खाद की छनाई कार्य मे तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में पुनः गोबर खरीदी कार्य प्रारम्भ करने के लिए कहा। जिससे खाद निर्माण कार्य बाधित न हो।
कलेक्टर ने गौठान के किनारे-किनारे फलदार पौधे रोपित करने व पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही गौठान के बाउंड्री में सेंधवार रोपित करने एवं गौठान से जुड़े डबरी में मछली पालन करवाने की बात कही। उन्होंने गौठान की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वहां विभिन्न आजीविका गतिविधिया संचालित कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने समूह की महिलाओं द्वारा गौठान में उत्पादित वस्तुओं का भी अवलोकन किया एवं महिलाओं को अच्छे से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी साथ ही हितग्राहियों को मक्का बीज, कीटनाशक दवाईयो, सहित अन्य कृषि संबंधित सामग्रियों का वितरण किया गया।

