जशपुरनगर 10 अगस्त 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे के मार्गदर्शन में लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। जिले में 18 से 44 वर्ष के सभी पात्र हितग्राहियों को टीका लगाया जा रहा है। साथ ही 45 से 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का भी टीका कार्य नियमित रूप से जारी है। उन्हें टीका केंद्रों में प्राथमिकता से टीका लगाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 08 अगस्त 2021 की स्थिति में अब तक 3 लाख 77 हजार 157 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। टीकाकरण के तहत् जशपुर विकासखंड में 31804 हितग्राहियों को टीका लगाया गया है। इसी प्रकार मनोरा में 23279, बगीचा में 74086, कांबसोल में 42274, फरसाबहार में 50206, पत्थलगांव में 72329, दुलदुला में 24274 कुनकुरी में 41354 एवं नगरीय निकाय में 17551 हितग्राहियों को टीका लगाया जा चुका है।

