रायगढ़। रायगढ़ व्यापारी संघ ने केंद्र सरकार के परिवहन चेकपोस्ट बंद करने के आदेश का स्वागत करते हुए इसे भय मुक्त व्यापार की दिशा में एक कदम बताया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए रायगढ़ व्यापारी संघ के संयोजक राजेंद्र अग्रवाल एवं हीरा मोटवानी ने कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से यह जानकारी प्राप्त हुई है कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को परिवहन चेकपोस्ट बंद करने के आदेश दिए हैं। वर्तमान में यह चेक पोस्ट महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पांडिचेरी, गोवा, उत्तराखंड, राजस्थान, और छत्तीसगढ़ में संचालित है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में यह चेक पोस्ट लगभग 6 महीने पहले ही पुनः प्रारंभ किया गया था। केंद्र सरकार के इस फैसले से न केवल व्यापारी बल्कि ट्रांसपोर्टर्स भी अत्यंत प्रसन्न है. यह सर्वविदित है की इन चेक पोस्टों पर इनके उद्देश्यों का पालन ना होकर यह सभी भ्रष्टाचार के चेकपोस्ट बन गए थे। यहां हो रही अवैध उगाही की शिकायतें प्रतिदिन अखबार की सुर्खियां बनती आई है। परंतु इन पर कोई कार्यवाही नहीं होती है केंद्र सरकार के इस फैसले से कम से कम इस भ्रष्टाचार पर तो अंकुश लगेगा। रायगढ़ व्यापारी संघ के बजरंग महमिया और राजेश अग्रवाल ने इसका स्वागत करते हुए इसे भय मुक्त व्यापार की दिशा में एक अनुकरणीय कदम निरूपित किया है।

