हत्यारों को शीघ्र सलाखों के पीछे पहुंचाये पुलिस
रायगढ़। बीती रात लैलूंगा में हुए दोहरे हत्याकांड पर गहरा दुख और चिंता जाहिर करते हुए रायगढ़ व्यापारी संघ ने रायगढ़ पुलिस से हत्यारों को शीघ्र पकड़ कर सलाखों के पीछे पहुंचाने की अपील की है। व्यापारी संघ ने कहा कि इस घटना की जितनी भर्त्सना की जाए कम है। इस घटना ने व्यापार जगत को झकझोर दिया है। हम इसकी घोर निंदा करते हैं। उल्लेखनीय है कि बीती रात लैलूंगा में राइस मिल संचालक और एल्डरमेन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मित्तल एवं उनकी पत्नी अंजू मित्तल की हत्या के साथ-साथ उनके घर में लूटपाट भी की गई है। मृदुभाषी मिलनसार मदन मित्तल छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स लैलूंगा के अध्यक्ष मनीष मित्तल के चाचा थे। व्यापारी संघ के संयोजक राजेंद्र अग्रवाल, हीरा मोटवानी , बजरंग महमिया और राजेश अग्रवाल ने इस हत्याकांड पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। और परम पिता परमेश्वर से प्रार्थना की है कि वह उनके परिजनों को इस असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। वहीं उन्होंने रायगढ़ जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से अपील की है इस घटना में संलग्न सभी अपराधियों को शीघ्रता शीघ्र पकड़ कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाये ।

