रायगढ। नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन था। रायगढ नगर निगम के दो वार्डो में होने वाले उप चुनाव के लिए आज आखरी दिन कांग्रेस व भाजपा के प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। भाजपा की ओर से वार्ड क्रमांक 9 में श्रवण सिदार व कांग्रेस से रंजना पटेल ने अपना नामांकन दाखिल किया। वही वार्ड क्रमांक 25 से भाजपा की ओर से रश्मि वर्मा तो कांग्रेस से सत्यवती पटेल ने नाम निर्देशन पत्र जमा किया। नामांकन के बहाने दोनों हो दलों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया जिससे कलेक्ट्रेट में काफी गहमा गहमी रही।
नगरीय निकाय चुनाव के नामांकन के आखरी दिन कांग्रेस व भाजपा ने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की और काफी तामझाम के साथ नामांकन दाखिल कराया। रायगढ नगर निगम के वार्ड क्रमांक 9 व वार्ड क्रमांक 25 में उप चुनाव होने है। कांग्रेस ने वार्ड क्रमांक 9 से पूर्व पार्षद कमल पटेल की पत्नी रंजना पटेल को टिकट दी है वही वार्ड क्रमांक 25 से पूर्व में प्रत्याशी रही सत्यवती पटेल पर ही विश्वास जताया है। दोनों प्रत्याशियों ने आज विधायक प्रकाश नायक, महापौर जानकी काटजू, सभापति जयंत ठेठवार सहित कांग्रेस के अन्य पार्षद व कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पंहुच कर नामांकन दाखिल किया। वही भाजपा ने वार्ड क्रमांक 9 से पूर्व पार्षद श्रवण सिदार को प्रत्याशी घोषित किया है तो वही वार्ड क्रमांक 25 से रश्मि वर्मा को टिकट दिया है। भाजपा प्रत्याशियों ने भी वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीकांत सोमावार, सुभाष पाण्डेय, मनीष शर्मा, बब्बल पाण्डेय सहित पूरे तामझाम के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश सरकार व रायगढ विधायक सहित नगर निगम से लगातार कराए जा रहे विकास कार्यो के कारण जनता कांग्रेस को ही वोट देगी। वही भाजपा विकास में शहर के पिछड़ने, प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में उतरने की बात कह रही है।

