संपूर्ण सेवाकाल में अनुशासन व समयबद्धता डीएमसी श्री देवांगन जी की पहचान रही है:- डीईओ आदित्य
रायगढ़. संघर्ष जीवन का एक अभिन्न अंग है, हम प्रतिदिन प्रतिपल परिस्थितियों से व स्वयं से संघर्ष करते रहते हैं,जीवन के संघर्षों में जो परिस्थितियों से व स्वयं से हार नही मानता वही विषम परिस्थितियों में विजयी बनकर निकलता है,परिस्थितियों व खुद से संघर्ष ही हमारे व्यक्तित्व में निखार लाता है”, होटल साईं श्रद्धा रायगढ़ में विकासखंड शिक्षा परिवार रायगढ़ एवं विकासखंड स्रोत तथा शैक्षिक समन्वयकों द्वारा आयोजित अपने विदाई सम्मान समारोह में उक्त उद्गार सेवानिवृत्त डीएमसी श्री रमेश देवांगन व्यक्त कर रहे थे..। 23 सितंबर को विकासखंड रायगढ़ के सभी विकासखंड शिक्षा कार्यालय ने सेवानिवृत्त डीएमसी रायगढ़ श्री रमेश देवांगन के विदाई-सम्मान व नव पदस्थ डीएमसी रायगढ़ श्री नरेंद्र चौधरी के स्वागत-समारोह का भव्य आयोजन किया। उक्त विदाई व स्वागत सम्मान समारोह, विकास खंड शिक्षा कार्यालय रायगढ़ व संकुल स्त्रोत समन्वयको के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया था।समारोह में आमंत्रित अतिथियों के कार्यक्रम स्थल पर आगमन होते ही उन पर पुष्प वर्षा करते हुए तिलक वंदन कर बैच लगाकर सभी अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त डीएमसी श्री रमेश देवांगन सपत्नीक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप-प्रज्वलन के साथ हुई। सीएससी कछार श्री शशि डनसेना द्वारा हारमोनियम पर स्वागत-गीत प्रस्तुत किया गया। आमंत्रित अतिथियों का पुष्प गुच्छ, फूल-माला भेंट कर बैच लगाकर मंच पर स्वागत-अभिनंदन किया गया। सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी रायगढ़ श्री संजय पटेल द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया तत्पश्चात सेवानिवृत्त डीएमसी श्री रमेश देवांगन जी के जीवन परिचय का वाचन विकासखंड स्त्रोत समन्वयक रायगढ़ श्री मनोज अग्रवाल द्वारा किया गया।कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ श्री आर.पी. आदित्य,सहायक संचालक शिक्षा रायगढ़ श्रीमती दीप्ति अग्रवाल, नव पदस्थ डीएमसी रायगढ़ श्री नरेंद्र चौधरी, सहायक परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा रायगढ़ श्री जे. के. राठौर, सहायक परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा रायगढ़ श्री आलोक स्वर्णकार, साक्षर भारत के जिला परियोजना अधिकारी श्री डी.के.वर्मा, छात्रवृत्ति प्रभारी श्री एस.के. कर्ण,सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा श्री डी.पी.पटेल श्री संजय पटेल, बीआरसी रायगढ़ श्री मनोज अग्रवाल व विकासखंड रायगढ़ के समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी.आदित्य ने अपने अतिथि उद्बोधन में कहा कि, “शिक्षा अनुशासन और संघर्ष हमारे जीवन का प्रमुख आधार स्तंभ है,अपने संपूर्ण सेवाकाल में अनुशासन और समय बद्धता श्री देवांगन जी की पहचान रही है”। डीईओ श्री आर पी आदित्य ने कार्यक्रम में अपने अंदाज में एक मधुर गीत प्रस्तुत किया। अपने उद्बोधन में श्री रमेश देवांगन जी ने कहा कि,”यदि जीवन में शिक्षा अनुशासन और संघर्ष ना हो तो जीवन विकास की मुख्यधारा से भटक जाता है, शिक्षित और अनुशासित जीवन ही सफलता का मूल मंत्र है। अपने जीवन के संघर्षमय यात्रा के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि,”उनका बचपन संघर्षमय बीता। विभिन्न सेवाओं से गुजरते हुए उन्होंने अपनी कई वर्षो की अंतिम सेवा शिक्षा विभाग में दी। उन्होंने यह भी कहा कि, “कोई भी कार्य या सेवा छोटा या बड़ा नहीं होता, जहां भी काम करें पूरे अनुशासन व ईमानदारी के दायरे में रहकर,खुश मिजाज परिवेश में,पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ करें। नव पदस्थ डीएमसी रायगढ़ श्री नरेंद्र चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि,”शिक्षा और शिक्षा का विकास एक सतत प्रक्रिया है जिससे हम सबको अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए,नौनिहालों का भविष्य हमारे हाथों में है और देश का भविष्य आज के बच्चे हैं। श्री देवांगन जी का अनुशासन और समय बद्धता हम सभी के लिए प्रेरणादायी व अनुकरणीय है। एपीसी श्री आलोक स्वर्णकार ने अपने उद्बोधन में कहा कि, “श्री देवांगन जी की कार्य के प्रति समर्पण निष्ठा ईमानदारी तत्परता व समय बद्धता हम सभी के लिए अनुकरणीय हैं”।बीआरसी रायगढ़ श्री मनोज अग्रवाल ने श्री रमेश देवांगन जी के जीवन परिचय का वाचन करते हुए शिक्षक और विद्यार्थी के रूप में श्री देवांगन जी के साथ अपने विद्यार्थी जीवन के पल व अनुभव साझा किए। सभी शैक्षिक समन्वयकों की तरफ से सीएसी भूपेश पंडा ने श्री देवांगन जी के अनुशासन व कार्यप्रणाली को प्रेरणादायी व अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम में नव पदस्थ डीएमसी श्री नरेंद्र चौधरी जी का मोमेंटो व पुष्प गुच्छ द्वारा स्वागत व अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम की समाप्ति पर सभी आमंत्रित सम्मानित अतिथियों को मोमेंटो प्रदाय कर अभिनंदन किया गया। तथा सेवानिवृत्त डीएमसी श्री रमेश देवांगन जी को साल श्रीफल व अभिनंदन पत्र प्रदाय कर सम्मान करते हुए भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम की समाप्ति पर सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्री डी पी पटेल द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यकम का सफल मंच संचालन श्री राज कमल पटेल द्वारा किया गया।

