रायगढ़ दृष्टि व केके फिल्म्स का संयुक्त आयोजन, कमला नेहरू उद्यान में होगा कार्यक्रम
रायगढ़। रायगढ़ दृष्टि व केके फिल्म्स के संयुक्त तत्वावधान में इस साल भी 15 अक्टूबर को देश के पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। कमला नेहरू उद्यान में 15 अक्टूबर को सुबह 7.30 से 8.30 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम में डॉ. कलाम साहब के छायाचित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया जाएगा। उसके बाद समाजसेवा, देशसेवा, शिक्षा सहित जनहित के क्षेत्र में कार्य करने वाले 25 विशिष्टजनों का सम्मान किया जाएगा।
रायगढ़ दृष्टि व केके फिल्म्स के डायरेक्टर कमल शर्मा ने बताया कि हमारी संस्था की ओर से हर साल मिसाइलमैन व भारत -रत्न डॉ. कलाम साहब की जयंती व पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर देश के प्रति उनके कार्यों व योगदान को याद किया जाता है। इसी कड़ी में इस साल भी 15 अक्टूबर को उनकी जयंती मनाई जाएगी। इस मौके पर अतिथिगण व शहर के गणमान्य नागरिक डा. कलाम के छायाचित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। वक्तागण उनकी जीवनी व कार्यों के बारे में विचार व्यक्त करेंगे। उसके बाद संस्था की ओर से 25 विशिष्टजनों का प्रशस्ति-पत्र, श्रीफल से सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने समाज व देश सेवा के साथ शिक्षा व जनहित में उल्लेखनीय कार्य किए हों।
श्री शर्मा ने बताया कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जन्म 15 अक्टूबर, 1931 को तमिलनाडु के तीर्थ नगरी रामेश्वरम में हुआ था। हालाँकि, उनका परिवार आर्थिक रूप से संपन्न नहीं था लेकिन सभी बच्चों को एक ऐसे माहौल में पाला गया था जो प्यार और करुणा से भरा था। परिवार की आय के लिए, कलाम को अपने शुरुआती वर्षों के दौरान समाचार पत्रों भी बेचने पड़े । मई 1998 में, उन्होंने भारत द्वारा ‘पोखरण-द्वितीयÓ परमाणु परीक्षण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन परमाणु परीक्षणों की सफलता ने कलाम को राष्ट्रीय नायक बना दिया और उनकी लोकप्रियता आसमान छू गई। वे 25 जुलाई, 2002 को भारत के 11 वें राष्ट्रपति बने और 25 जुलाई, 2007 तक इस पद पर रहे। वह राष्ट्रपति का पद संभालने से पहले ‘भारत रत्न’ प्राप्त करने वाले भारत के तीसरे राष्ट्रपति भी बने। आम लोगों, विशेष रूप से युवाओं के साथ काम करने और बातचीत करने की उनकी शैली के कारण, उन्हें प्यार से ‘द पीपुल्स प्रेसिडेंट’ कहा जाता था।

