केरल के पथनमथिट्टा जिले में दो महिलाओं के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस को उनके लापता मामलों की जांच के हिस्से के रूप में ‘मानव बलि’ के बारे में पता चला।
केरल के पथनमथिट्टा जिले के एलंथूर गांव से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है जहां एक डॉक्टर कपल ने अंधविश्वास के चक्कर में दो निर्दोष महिलाओं की बलि चढ़ा दी। दोनों महिलाओं के जून और सितंबर में लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस को उनके लापता मामलों की जांच के हिस्से के रूप में ‘मानव बलि’ के बारे में पता चला। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त सी एच नागराजू ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि हमें संदेह है कि मानव बलि कर्मकांड के तहत दोनों महिलाओं की हत्या हुई है। हमें महिलाओं के शवों को बाहर निकालना होगा। महिलाओं का सिर काट दिया गया और उनके शरीर को पठानमथिट्टा के एलंथूर में दफनाया गया है। फिलहाल एक महिला का ही शव मिला है।
अंधविश्वास की वजह से चढ़ा दी बलि
इस मामले में तिरुवल्ला के मूल निवासी डॉक्टर भागवत, उनकी पत्नी लीला और पेरुंबवूर के मूल निवासी मानव तस्कर शिहाब को मानव बलि के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बलि देने के पीछे की वजह अंधविश्वास बताया गया है जिसमें कहा गया कि अगर डॉक्टर दंपती दो महिलाओं की बलि देते हैं तो आने वाले समय में खूब पैसे आएंगे। धन और समृद्धि बढ़ेगी।

