पुलिस ने बताया चैन लाल और उसकी पत्नी सुष्मिता समेत भाभी देवकी का बयान दर्ज किया गया है। चैन लाल बालको प्लांट में ठेकाकर्मी है। सोमवार की रात ड्यूटी कर मंगलवार सुबह घर आया था।
छत्तीसगढ़ के कोरबा में मंगलवार दोपहर गैस सिलेंडर में आग लगने से पति-पत्नी सहित तीन लोग झुलस गए। तीनों को गंभीर हालत में बालको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग के चलते घर के बर्तन और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। बताया जा रहा है कि किचन में खाना बनाने के दौरान गैस रिसाव के चलते हादसा हुआ है। मामला बालको थाना क्षेत्र का है।
पाइप से लीक हो रही थी गैस – जानकारी के मुताबिक, बालको के सेक्टर-4 में काली मंदिर के पास संजय नगर बस्ती में चैन लाल यादव (27) परिवार सहित रहता है। घर में दोपहर करीब 12 बजे चैन लाल, उसकी पत्नी सुष्मिता यादव (23) और उसकी बड़ी भाभी देवकी यादव (39) थे। किचन में देवकी खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर का पाइप लीक होने लगा। उससे गैस निकलती देख देवकी घबरा गई और चैन लाल को बुलाया।
देवर और उसकी पत्नी पहुंचे तभी भड़की आग– इस पर चैनलाल और उसकी पत्नी सुष्मिता किचन में पहुंचे। तभी अचानक से आग भड़क गई और तीनों को चपेट में ले लिया। इसके चलते तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आग लगने से घर में रखा सामाान और बर्तन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। आग देख और चीख पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी। इसके बाद घायलों को बालको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

