अकलतरा. महिला एवं बाल विकास विभाग के परसाही बाना सेक्टर की सुपरवाइजर सावित्री राठौर पर क्षेत्र के 22 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दुर्व्यवहार करने व गेहूं, चावल के कूपन देने के बदले में 200-200 रुपए मांगने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत कार्यकर्ताओं ने एआईसीसी सदस्य मंजू सिंह से करते हुए सावित्री राठौर को हटाने की मांग की है। शिकायत करने वाली कार्यकर्ताओं ने बताया है कि रेडी टू ईट फूड में ठेकेदार द्वारा कम पैकेट देने के बाद भी पूरे सामान की पावती देने दबाव बनाया जाता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा इसका विरोध करने पर नौकरी से हटाने की धमकी दी है। सेक्टर सुपरवाइजर को हटाने के लिए पहले भी शिकायत हो चुकी है। कार्यकर्ताओं के अनुसार 16 दिसंबर 2019 को कलेक्टर एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को शिकायत की थी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य मंजू सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी को कार्यकर्ताओं की शिकायत व समस्या से अवगत कराते हुए सेक्टर सुपरवाइजर के अन्यत्र स्थानांतरण की बात कही। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग को पत्र लिखने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में रजनी बघेल, देव कुमारी, यमुना शर्मा, पूर्णिमा बंजारे, दीपा बंजारे, अनिता रात्रे, सरिता बंजारे आदि शामिल थीं।
पूर्व में हो चुकी है जांच प्रतिवेदन दे चुके हैं
“परसाही बाना में पदस्थ सेक्टर सुपरवाइजर सावित्री राठौर की शिकायत प्राप्त होने पर जांच की गई थी। जांच के दौरान सावित्री राठौर द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सामंजस्य नहीं बैठाने एवं अन्य शिकायत पाए जाने के बाद जांच प्रतिवेदन जिला कार्यक्रम अधिकारी को भेजा जा चुका है। उनके द्वारा आगे की कार्यवाही की जाएगी।”
-रवि शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अकलतरा

