कड़ाके की ठंड ने ली युवक की जान! खुले आसमान के नीचे सोया, सुबह मिला अकड़ा हुआ शव
पत्थलगांव। उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप बढ़ने के साथ ही अंबिकापुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांधी स्टेडियम के सामने जन औषधि केंद्र के बाहर खुले आसमान के नीचे सोए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह जब लोगों की नजर युवक के अकड़े हुए शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि कड़ाके की ठंड के चलते युवक की जान गई है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
बताया जा रहा है कि युवक के शरीर पर पर्याप्त गर्म कपड़े भी नहीं थे। ऐसे में रातभर खुले में ठंड का सामना करना उसके लिए जानलेवा साबित हुआ होगा। फिलहाल युवक की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इधर, मौसम के बदलते मिजाज ने उत्तर छत्तीसगढ़ में ठिठुरन बढ़ा दी है। पिछले तीन दिनों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। पेंड्रारोड में 5 डिग्री और बिलासपुर में 3.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब ठंड जानलेवा हो रही है, तो खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर जरूरतमंदों के लिए रैन बसेरों और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था कहां है? मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं जताई है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि कोई दूसरा व्यक्ति ठंड की वजह से अपनी जान न गंवाए।

