रायगढ़. भुवनेश्वर के किम्स मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलाने नाम पर पांच लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। हंडी चौक स्थित एक परिवार ने राहुल नामक व्यक्ति को पांच लाख रुपए दिए थे, लेकिन आरोपी ने एडमिशन कराने की बजाय मोबाइल नंबर ही बंद कर दिया। मामले में पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि दोस्त के पति से राहुल की अच्छी जान पहचान है। उनके बच्चे का एडमिशन भी राहुल ने कराया था। थोड़े समय पहले राहुल से इस संबंध में फोन पर बातचीत हुई तो उसने ओडिशा भुवनेश्वर के किम्स कॉलेज में अपना खास परिचय बताया और एडमिशन करने की बात कही। कुछ दिन गुजरने बाद उसने इस काम के लिए अपनी पत्नी के बैंक खाते में 5 लाख रुपए भेजने के लिए कहा। एडमिशन के लिए महिला ने उसकी पत्नी के बैंक खाते में पांच लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। 15 दिनों बाद राहुल ने कॉल कर कहा कि भुवनेश्वर के किम्स कालेज की सभी सीटें भर चुकी हैं। यदि वे चाहें तो उनकी बेटी का एडमिशन पुणे, सांगली या फिर मुंबई मेडिकल कॉलेज में करा देंगे। इस बात पर महिला ने राहुल से पैसे वापस करने कहा। राहुल ने 15 दिन का समय मांगा और उसके बाद मोबाइल ही बंद कर दिया।

