रायपुर में अब तोता पालना और बेचना एक गंभीर अपराध बन गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्य वन संरक्षक और वन बल प्रमुख ने एक आदेश जारी किया है, जिसमें कानूनी संरक्षण प्राप्त वन्यजीवों, विशेष रूप से तोता और अन्य पक्षियों की अवैध खरीदी, बिक्री, और पालने पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। यह कदम राज्य में बढ़ती पक्षियों की अवैध व्यापार की शिकायतों के बाद उठाया गया है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत, अब तोता समेत अन्य पक्षियों का घरों में पालन करना कानूनन प्रतिबंधित है। इस आदेश के बाद, राज्य के सभी डीएफओ को निर्देश दिया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि लोग अपने घरों में इन पक्षियों को नहीं रखें। अगर किसी के घर में तोता पाया जाता है, तो उसे समय सीमा के भीतर वन विभाग को सौंपना होगा। ऐसा न करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जेल की सजा भी शामिल हो सकती है।
वन विभाग ने एक टोल-फ्री नंबर (18002337000) भी जारी किया है, जहां लोग अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और अपने पक्षियों को जमा करने के लिए दिशा-निर्देश प्राप्त कर सकते हैं।

