छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक 16 वर्षीय छात्रा ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की लाश रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में बरगढ़ के पास नहर के किनारे झाड़ियों में मिली। मृतका कक्षा 9वीं की छात्रा थी। इस घटना के बाद उसकी मां ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को उसके प्रेमी संतोष तिवारी ने प्रताड़ित किया, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
घटना सोमवार रात की है, जब छात्रा ने पावर हाउस रोड स्थित सोनालिया नहर में छलांग लगा दी। पास में मौजूद एक यातायात सिपाही और एक युवक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव में वह बह गई। छात्रा की काफी खोजबीन की गई, लेकिन गुरुवार दोपहर उसकी लाश बरगढ़ में मिली। उसकी मां ने शव की पहचान की।
मृतका की मां ने बताया कि उसकी बेटी का प्रेमी संतोष तिवारी उसे मानसिक और भावनात्मक रूप से प्रताड़ित करता था। वह लगातार पैसे की मांग करता और उसकी बेटी को ब्लैकमेल करता था। मां ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी बेटी प्रेग्नेंट थी, जिससे वह अत्यधिक तनाव में थी। युवक के ब्लैकमेल और प्रताड़ना के कारण ही छात्रा ने आत्महत्या करने का निर्णय लिया।
मृतका की मां ने यह भी बताया कि वह एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं और एक एनजीओ के माध्यम से काम करती हैं। जब भी वह घर से बाहर होती, संतोष तिवारी घर आता और उसकी बेटी को परेशान करता था। मां ने संतोष तिवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उसकी गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

