छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित नए मुख्यमंत्री निवास में कामकाज की विधिवत शुरुआत कर दी है। उन्होंने सेक्टर 24 में बने अपने नए निवास कार्यालय में गृहप्रवेश किया और महत्वपूर्ण फाइलों का अनुमोदन भी किया। मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी. दयानंद और बसवराजु एस ने उनका नए कार्यालय में स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि नए कार्यालय से कामकाज की शुरुआत छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को और गति देगी। दूसरी ओर, भारत सरकार ने छत्तीसगढ़ को कर हस्तांतरण के तहत 6,070 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री साय ने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे प्रदेशवासियों के लिए त्योहारों के मौके पर एक अनुपम उपहार बताया।
सीएम साय ने कहा कि इस राशि से छत्तीसगढ़ के वित्तीय संसाधनों को मजबूती मिलेगी, जिससे राज्य की विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस आर्थिक सहायता से जनकल्याण के कार्यों में तेजी आएगी और राज्य के नागरिकों को लाभ होगा।
विष्णुदेव साय ने डबल इंजन सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार मिलकर छत्तीसगढ़ में निरंतर प्रगति का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। यह राशि राज्य की वित्तीय स्थिरता को मजबूत करने और आगामी विकास योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


