सक्ति। छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला सक्ति जिले के गांव जाजंग भाठापारा का है। 26 जनवरी की सुबह बाबू लाल के बाड़ी में एक युवती का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की। युवती के पड़ोसी रेशम लाल सिदार (26) पर संदेह हुआ, जो घटना के बाद से गायब था।
जांच के दौरान पता चला कि रेशम लाल रायगढ़ में छिपा हुआ है और जम्मू-कश्मीर भागने की फिराक में था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में रेशम लाल ने बताया कि वह युवती से एकतरफा प्यार करता था। 25 जनवरी की रात वह युवती से मिलने उसके घर गया, जहां दोनों ने सहमति से शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद युवती ने उसे किसी अन्य शख्स, मुकेश, के आने की बात कहकर वहां से जाने को कहा।
जब रेशम लाल वहां से जाने लगा, तो उसकी जेब से कुछ रुपये गिर गए। इस पर युवती दीवार कूदकर उसके पास आई और फिर दोनों ने बाबू लाल की बाड़ी में शारीरिक संबंध बनाए।
युवती और आरोपी के बीच मुकेश से बात करने को लेकर विवाद हुआ। बहस के दौरान युवती ने रेशम लाल को नाखूनों से नोंच दिया और थप्पड़ मारा। गुस्से में आकर रेशम लाल ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को बाड़ी में छोड़ दिया और युवती का मोबाइल व अन्य सामान छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की बताई जगह से मोबाइल और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
सक्ति थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। रेशम लाल को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें और रिश्तों में पारस्परिक सम्मान बनाए रखें।
