वाशिंगटन डीसी के रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक यात्री विमान सैन्य हेलीकॉप्टर से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों विमान पास की पोटोमैक नदी में गिर गए, जिससे बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 18 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बचाव दल अन्य यात्रियों की तलाश में जुटा हुआ है।
हादसे के दौरान विमान में 64 लोग सवार
यह दुर्घटना पूर्वी मानक समयानुसार रात 9 बजे हुई, जब कंसास के विचिटा से उड़ान भरने वाला एक क्षेत्रीय विमान हवाई अड्डे के रनवे पर उतरते समय अमेरिकी सेना के ‘ब्लैकहॉक’ हेलीकॉप्टर से टकरा गया। अमेरिकन एयरलाइंस ने पुष्टि की कि उनके विमान में 60 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे, जबकि हेलीकॉप्टर में तीन लोग मौजूद थे।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
हादसे के तुरंत बाद यूएस पार्क पुलिस, डीसी मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग और अमेरिकी सेना सहित कई एजेंसियां बचाव अभियान में जुट गईं। नदी के पानी में बचाव नौकाएं और फायरबोट्स तैनात कर दी गई हैं। डीसी फायर और ईएमएस चीफ जॉन डोनेली ने बताया कि पानी लगभग 80 फीट गहरा है और वहां बर्फ के टुकड़े तैर रहे हैं, जिससे बचाव कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति की प्रतिक्रिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस भयावह दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। वाशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बोसर ने कहा कि प्रशासन अमेरिकन एयरलाइंस के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और जल्द से जल्द जानकारी साझा की जा सके।
1982 की दुर्घटना की यादें ताजा
यह हादसा 13 जनवरी 1982 को हुए एयर फ्लोरिडा के विमान दुर्घटना की याद दिलाता है, जब एक विमान पोटोमैक नदी में गिर गया था और 78 लोगों की मौत हुई थी। उस दुर्घटना का कारण खराब मौसम था, लेकिन इस बार टक्कर के पीछे क्या कारण था, इसकी जांच की जा रही है। संघीय विमानन प्रशासन (FAA) और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) ने जांच शुरू कर दी है।

