रायपुर: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी देवेन्द्र जोशी (58) और झगीता जोशी (58), निवासी राजेंद्र नगर, रायपुर, बेरोजगारों को बड़े अधिकारियों से जान-पहचान का झांसा देकर ठगते थे। वे फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र देकर मोटी रकम ऐंठते थे। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
ऐसे करते थे ठगी
प्रार्थिया अंजना गहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई कि फरवरी 2021 में वह अपने मौसा-मौसी (देवेन्द्र और झगीता जोशी) के घर आई थी। बातचीत के दौरान उसने सरकारी नौकरी की इच्छा जाहिर की, तब आरोपी ने बड़े अधिकारियों से संपर्क होने का दावा किया और कहा कि “सेटिंग” से नौकरी लगवाई जा सकती है।
इसके बाद, 2022 में फूड इंस्पेक्टर की वैकेंसी का हवाला देकर 25 लाख रुपये की मांग की गई। अंजना ने ऑनलाइन फॉर्म भरकर परीक्षा दी, लेकिन उसका चयन नहीं हुआ। देवेन्द्र जोशी ने उसे विशेष अनुशंसा के तहत चयन होने का झूठा आश्वासन दिया और कुछ दिनों बाद फर्जी रिजल्ट पत्र सौंप दिया। इसके बाद आरोपी ने पूरे पैसे की मांग की, जिसे अंजना ने किश्तों में चुका दिया।
जब अंतिम चयन सूची जारी हुई तो उसका नाम नहीं था। तब अंजना को एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है। बाद में उसे पता चला कि गजेन्द्र लहरे, कुणाल देव और भुनेश्वर सोनवानी से भी इसी तरह 25-25 लाख रुपये लेकर ठगी की गई थी।
पुलिस कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 54/2025 के तहत धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने मुखबिर तैनात कर छापेमारी शुरू की और महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर देवेन्द्र जोशी और झगीता जोशी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने ठगी की बात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपी:
- देवेन्द्र कुमार जोशी पिता डॉ. बी.आर. जोशी (58 वर्ष), निवासी बुढ़ी माई मंदिर के पीछे, डॉ. राजेन्द्र नगर, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
- झगीता जोशी पति देवेन्द्र कुमार जोशी (58 वर्ष), निवासी बुढ़ी माई मंदिर के पीछे, डॉ. राजेन्द्र नगर, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
जांच जारी, फरार आरोपियों की तलाश
पुलिस अब अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है।

