रायगढ़. काेतवाली क्षेत्र के काेतरा राेड निवासी एक महिला के खाते से कई बार में 75 हजार रुपए निकल गए। महिला ने जब बैंक से जानकारी की ताे उसे एटीएम से रुपए निकाले जाने की जानकारी दी गई। जबकि एटीएम महिला के पास ही थी। साइबर ठग का मामला संज्ञान में आने पर काेतवाली ने अज्ञात के खिलाफ धाेखाधड़़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है। हाउसिंग बाेर्ड कालाेनी रामबाग काेतरा राेड निवासी इंद्रकली तिवारी पति गायत्री प्रसाद तिवारी ने पुलिस काे दिए गए आवेदन में बताया कि उसका भारतीय स्टेट बैंक शाखा कोतरा रोड में खाता है। सितंबर में उसने 14 तारीख काे पुलिस ऑफिस के पास लगे एटीएम से उसने अपने कार्ड का इस्तेमाल करके 5 हजार रुपए निकाले थे। जब उसने पैसे निकाले थे, उस समय उसके खाते में एक लाख रुपए जमा थे। इसके कुछ ही देर बाद उसके खाते से तीन बार 10-10 हजार रुपए व एक बार में 5 हजार रुपए सिंडिकेट बैंक से निकाले गए। जिसका मैसेज उसके माेबाइल पर आया। सुबह बैंक में जानकारी करने के लिए जाती इससे पहले 8 बजे फिर से उसके खाते से किसी ने 4 बार में 40 हजार रुपए निकाल लिए। इस तरह उसके खाते से कुल 75 हजार रुपए निकाल लिए गए। बैंक में जानकारी करने पर बताया गया कि उसके एटीएम कार्ड से किसी ने अलग अलग स्थानाें में लगे एटीएम से रुपए निकाले हैं। महिला का कहना है कि एटीएम कार्ड उसी के पास था। काेतवाली प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि शिकायत पर धारा 420 का अपराध दर्ज किया गया है। सायबर ठगाें का पता लगाया जा रहा है। ऑनलाइन एटीएम से ठगी की गई है।

