रायगढ़, 1 फरवरी 2025: जिले के चक्रधर नगर स्थित पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का मामला सामने आते ही प्रशासन सतर्क हो गया। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने देर रात आपात बैठक कर स्थिति नियंत्रित करने की रणनीति बनाई। इसके बाद पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पोल्ट्री फार्म की 5000 मुर्गियों, 12,000 चूजों और 17,000 अंडों को नष्ट कर दिया।
संक्रमण रोकने के लिए कड़े कदम
बर्ड फ्लू के प्रसार को रोकने के लिए भारत सरकार के “एक्शन प्लान फॉर प्रिवेंशन, कंट्रोल एंड कंटेनमेंट ऑफ एवियन इन्फ्लूएंजा (रिवाइज्ड 2021)” के तहत कड़े कदम उठाए गए हैं।
- पोल्ट्री फार्म के 1 किलोमीटर के दायरे को ‘इंफेक्टेड जोन’ घोषित किया गया है।
- 10 किलोमीटर के क्षेत्र को ‘सर्विलांस जोन’ में रखा गया है, जहां मुर्गी और अंडे की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
- स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित क्षेत्र में लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाए और किसी भी संदिग्ध लक्षण की निगरानी की जाए।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और सतर्क रहें। साथ ही, किसी भी प्रकार की असामान्य पक्षी मृत्यु की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें। रायगढ़ में बर्ड फ्लू को फैलने से रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।

