जशपुर: जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक नवजात बच्ची को झाड़ियों में फेंक दिया गया था। यह बच्ची राजपुरी जल प्रपात के पास बगीचा-कामारिमा मार्ग पर झाड़ियों में मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना के अनुसार, यह नवजात बच्ची रातभर झाड़ियों में पड़ी रही। सुबह कुछ लोग जब उस रास्ते से गुजर रहे थे तो उन्हें बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। करीब से देखने पर पाया गया कि बच्ची सफेद कपड़े में लिपटी थी और उसके शरीर पर चींटियाँ व कीड़े-मकोड़े लिपटे हुए थे। यह देखकर लोग तुरंत बगीचा पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत बच्ची को अस्पताल ले गई। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आर एन दुबे ने बताया कि बच्ची की उम्र 7-8 महीने के करीब है और उसका वजन केवल 1.2 किलो है। इलाज के बाद बच्ची की स्थिति अब स्थिर है और वह सुरक्षित है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मुखबिरों और अपने सूचना नेटवर्क के जरिए पुलिस माता-पिता या आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है, ताकि इस क्रूर कृत्य के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को सजा दिलाई जा सके। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह पुलिस से संपर्क करें।
यह घटना समाज में बच्चों के प्रति बढ़ती संवेदनशीलता और सुरक्षा के मुद्दे पर सवाल खड़े करती है।

