रायपुर: सेजबहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति बंद रहने के कारण रहवासी परेशान हैं। इस समस्या के चलते आक्रोशित नागरिकों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। बाल्टियों में पानी लेकर और जन कल्याण समिति के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में बिजली और सफाई व्यवस्था जन कल्याण समिति के अधीन है, जिसने रहवासियों से टैक्स वसूला लेकिन बिजली विभाग का एक करोड़ रुपये से अधिक का बकाया बिल नहीं चुकाया। इसके परिणामस्वरूप बिजली कनेक्शन कट जाने से जल आपूर्ति प्रणाली ठप हो गई।
प्रदर्शन के दौरान सेजबहार ग्राम पंचायत के सरपंच कोमल जांगड़े, पंच लता सोनी और बीजेपी युवा मोर्चा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राहुल ठाकुर समेत कई नेताओं ने जन कल्याण समिति के अधिकारियों से बातचीत की और तुरंत जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने इस पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई और कनेक्शन बहाल करने के निर्देश दिए। इसके बाद बिजली विभाग की टीम ने सब-स्टेशन पर जाकर कनेक्शन पुनः जोड़ दिया, जिससे जल आपूर्ति की प्रक्रिया शुरू हुई। अब सोमवार सुबह से पानी की नियमित आपूर्ति होने की उम्मीद है।
साथ ही, कॉलोनी में सीवरेज जाम और सफाई व्यवस्था की स्थिति भी खराब है। नालियों में गंदगी और कचरे के ढेर लगने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। रहवासियों ने मांग की है कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी को ग्राम पंचायत के अधीन सौंपा जाए ताकि मूलभूत सुविधाओं की बेहतर देखरेख हो सके।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि जल आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होगी और नागरिक किसी भी समस्या के लिए कलेक्टर हेल्पलाइन पर शिकायत कर सकते हैं, जिसका तत्काल समाधान किया जाएगा।

