धरमजयगढ़, 8 अप्रैल 2025: आज शाम धरमजयगढ़ रायगढ़ रोड के क्रोन्धा चौक के पास मुख्य मार्ग के किनारे हाथियों का एक समूह दिखाई दिया। हाथियों को देख स्थानीय लोगों में अचानक हलचल मच गई, जिससे कुछ समय के लिए भागमभाग की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, बाद में सुरक्षा के मद्देनजर लोगों ने कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर रुकने का निर्णय लिया।
स्थानिय वन अमला भी मौके पर मौजूद रहा और लोगों को समझाईश देते नजर आया। बताया गया है कि यह हाथियों का समूह 368 जंगल से सड़क पार करके 367 की ओर जाना चाह रहा था, किंतु सड़क पर भीड़ होने के कारण वे सफल नहीं हो पाए और पुनः उसी जंगल की ओर लौट गए।
हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि देर रात हाथी सड़क पार करने का प्रयास कर सकते हैं। इस समय समूह में 16 से 17 हाथी शामिल हैं, जिन पर लगातार विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की नजर बनी हुई है। फॉरेस्ट गार्ड प्रभावित इलाके में हाथियों की आमद की सूचना देकर स्थानीय लोगों को सतर्क करने में लगे हुए हैं, ताकि कोई अनहोनी घटना न घटित हो।
इस स्थिति के मद्देनजर वन अमला सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक उपाय करने में जुटा हुआ है। स्थानीय समुदाय और वन विभाग ने मिलकर इस घटना से निपटने के लिए तत्परता दिखाई है, ताकि हाथियों और लोगों के बीच टकराव से बचा जा सके।


